टिकट की घोषणा से पहले देवली में शक्ति प्रदर्शन, नामांकन को उमड़े दावेदार
Deoli News 31 अगस्त (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) नगर पालिका चुनाव 2026 को लेकर सोमवार को नामांकन दाखिल करने का अंतिम दिन है। सुबह से ही देवली उपखंड कार्यालय में दावेदारों और समर्थकों की भीड़ उमड़ रही है। नामांकन के अंतिम दिन टिकट की तस्वीर पूरी तरह साफ होने से पहले कई दावेदार शक्ति प्रदर्शन करते नजर आ रहे है।

नगर पालिका चुनाव में फिलहाल सबसे दिलचस्प मुकाबला भाजपा और कांग्रेस के अंदर ही दिखाई दे रहा है। दोनों प्रमुख दलों की ओर से सभी वार्डों में अधिकृत प्रत्याशियों की तस्वीर अभी पूरी तरह साफ नहीं हुई है। ऐसे में पार्टी टिकट के दावेदारों की धड़कनें बढ़ी हुई हैं। सूत्रों के अनुसार कई दावेदारों को पार्टी की ओर से अंदरखाने हरी झंडी मिलने की चर्चा है, जबकि कुछ वार्डों में अंतिम फैसला अभी बाकी बताया जा रहा है। इस दौरान कांग्रेस के वरिष्ठ नेता भीमराज जैन ने भी वार्ड 23 से कांग्रेस के टिकट से नामांकन दाखिल किया। उनके साथ पूर्व पार्षद सीता देवी भी साथ थी। यही वजह है कि कई दावेदार पार्टी के आधिकारिक सिंबल का इंतजार करते हुए अपना नामांकन दाखिल कर रहे हैं। हालांकि चुनावी मुकाबला केवल भाजपा और कांग्रेस तक सीमित रहने के आसार नहीं हैं। कई वार्डों में निर्दलीय प्रत्याशियों के मैदान में उतरने की भी चर्चा है। ऐसे में कुछ वार्डों में मुकाबला त्रिकोणीय होने की संभावना है।
जिसका सीधा असर भाजपा-कांग्रेस के चुनावी समीकरणों पर पड़ सकता है। बड़ा सवाल उन दावेदारों को लेकर है, जिन्होंने पार्टी के भरोसे अपना नामांकन दाखिल कर दिया है। यदि पार्टी का टिकट किसी दूसरे चेहरे को मिलता है तो क्या ये दावेदार पार्टी के अधिकृत प्रत्याशी के समर्थन में बैठेंगे या फिर बगावत कर निर्दलीय मैदान में उतरेंगे। निकाय चुनाव में एक-एक वार्ड के समीकरण बेहद महत्वपूर्ण होते हैं। यहां पार्टी का टिकट जितना मायने रखता है, उतना ही स्थानीय पकड़, व्यक्तिगत जनाधार और कार्यकर्ताओं की नाराजगी भी चुनावी परिणाम को प्रभावित कर सकती है। आज अपरान्ह 3 बजे नामांकन प्रक्रिया पूरी होने के बाद चुनावी तस्वीर काफी हद तक साफ हो जाएगी। इसके बाद यह देखना दिलचस्प होगा कि भाजपा और कांग्रेस किन चेहरों पर भरोसा जताती हैं और किन दावेदारों को टिकट से निराशा हाथ लगती है।
टिकट वितरण के बाद बगावत और निर्दलीय प्रत्याशियों की स्थिति चुनावी मुकाबले को और रोचक बना सकती है। फिलहाल नामांकन का अंतिम दिन है और निर्वाचन कार्यालय के बाहर उमड़ रही दावेदारों व समर्थकों की भीड़ यह संकेत दे रही है कि देवली नगर पालिका चुनाव में आने वाले दिनों में सियासी घमासान और तेज होने वाला है।
आज तय होगा देवली का सियासी गणित, टिकट कटने के बाद बगावत व उठापटक के आसार


