Deoli News 18 अक्टूबर (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) राज्य सरकार की ओर से देवली-उनियारा विधानसभा क्षेत्र में खेल सुविधाओं के विस्तार की दिशा में तीन स्टेडियमों के निर्माण के लिए 2 करोड़ 50 लाख रुपए की स्वीकृति जारी की गई है।
स्थानीय विधायक राजेंद्र गुर्जर के कार्यालय की सूचना के अनुसार यह स्वीकृति डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी जिला उत्थान योजना के अंतर्गत दी गई है। वहीं विधायक राजेंद्र गुर्जर के प्रयासों से मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा द्वारा क्षेत्र में तीन स्टेडियमों के निर्माण के लिए बजट स्वीकृत किया गया है। इसके तहत उनियारा सरदार स्कूल में इंडोर स्टेडियम निर्माण के लिए एक करोड़ रुपए, देवली के राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में स्टेडियम निर्माण के लिए एक करोड़ रुपए तथा दूनी स्थित पीएम श्री स्कूल में स्टेडियम निर्माण के लिए 50 लाख रुपए स्वीकृत किए गए हैं। तीनों परियोजनाओं के माध्यम से क्षेत्र में खेल सुविधाओं को विकसित करने और विद्यार्थियों एवं स्थानीय युवाओं को खेल गतिविधियों के लिए बेहतर संसाधन उपलब्ध होंगे।



