Deoli News 24 जून (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) बीसलपुर गांव के विस्थापितों के परिवार को बिजली कनेक्शन नहीं दिए जाने के विरोध में चल रहे धरने प्रदर्शन में अब राष्ट्रीय विस्थापित समन्वय संघर्ष समिति भी शामिल होगी।
समिति के अध्यक्ष मुकुट सिंह राणावत ने बताया कि इन परिवारों को काफी वर्षों से बिजली कनेक्शन से वंचित रखा है। इसे लेकर धरना प्रदर्शन किया जा रहा है। इस धरने में राष्ट्रीय विस्थापित समन्वय समिति भी बुधवार को शामिल होगी। इसके अलावा बीसलपुर बांध की जलभराव क्षमता बढ़ाने एवं चंबल नदी का पानी बीसलपुर बांध में डालने के विरोध में समिति ने नाराजगी जताई। उन्होंने बताया कि इसे लेकर समिति ने एक दर्जन से अधिक गांवों में नुक्कड़ सभा की है।
वहीं महापंचायत में भाग लेने का निर्णय किया है। समिति का कहना है कि बीसलपुर बांध के अपस्ट्रीम में मशीनों के जरिए बजरी निकालकर गहरा किया जा रहा है। ऐसे में बांध का जलभराव बढ़ाने की कोई जरूरत नहीं है। उन्होंने महापंचायत को सफल बनाने के लिए सभी किसानों से बीसलपुर में चल रहे धरने में शांतिपूर्वक सहयोग देने की बात कही है।



