Deoli News 21 फरवरी (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) डोर स्टेप प्री-काउंसलिंग एवं नालसा मेगा विधिक सेवा शिविर का आयोजन शुक्रवार को नगर पालिका सभागार भवन में दिनेश कुमार जलुथरिया, सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण (अपर जिला एवं सेशन न्यायाधीश) टोंक की अध्यक्षता में हुआ।
विधिक सेवा समिति सचिव बृजमोहन शर्मा ने बताया कि कार्यक्रम का शुभारंभ न्यायाधीश दिनेश कुमार जलुथरिया ने माँ सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन कर एवं नालसा थीम चलाकर किया गया। उन्होंने बताया कि भारत देश में सभी नागरिकों के लिए उचित, निष्पक्ष और न्याय प्रक्रिया सुनिश्चित करने के उद्देश्य से राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण की स्थापना की गई। विभिन्न श्रेणियों के व्यक्तियों के लिए केन्द्र व राज्य सरकार द्वारा जनकल्याणकारी योजनाएं बनाई गई है। लेकिन अशिक्षा व अज्ञानता के कारण इन योजनाओं का लाभ वास्तविक व्यक्ति को नहीं मिल पा रहा है। नालसा मेगा विधिक जागरूकता शिविर का मुख्य उदेश्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को कमज़ोर वर्ग एवं पात्र व्यक्तियों तक पहुँचाना है।
उन्होंने बताया कि विधिक सेवा प्राधिकरणों द्वारा लोक अदालतों का आयोजन करवाना, पात्र व्यक्तियों को निःशुल्क विधिक सहायता उपलब्ध करवाना, अपराध से पीडित व्यक्ति व उनके आश्रितों को राजकोष से पीड़ित प्रतिकर स्कीम के तहत प्रतिकर दिलवाना तथा समाज में व्याप्त कुरीतियां लिंग भेदभाव, भ्रूण हत्या, बाल विवाह, मृत्यु भोज, दहेज प्रथा, महिला अत्याचार को खत्म करना है। वहीं शिविर में आमजन को आगामी राष्ट्रीय लोक अदालत 8 मार्च 2025 के बारे में जानकारी देकर अधिकाधिक प्रकरणों का निस्तारण राजीनामा से करवाए जाने के लिए प्रेरित किया।
कुरीतियां खत्म करने में पुलिस देगी पूरा सहयोग
रामसिंह पुलिस उपाधीक्षक देवली द्वारा पुलिस विभाग द्वारा समाज में व्याप्त कुरीतियां खत्म करने में पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया। उपाधीक्षक ने न्यायालय में लंबित प्रकरणों की संख्या कम करने के लिए लोक अदालत में प्रकरणों का राजीनामा की भावना से प्रकरणों में निस्तारण करने में सहयोग प्रदान करने के लिए कहा तथा पुलिस प्रशासन द्वारा महिला सुरक्षा एवं आत्मरक्षा अभियान के संबंध में जानकारी दी। यहां उपस्थित विभागों के प्रतिनिधियों द्वारा पात्र व्यक्तियों को तहसील विभाग द्वारा स्वामित्व तथा प्रधानमंत्री योजना, पंचायत समिति द्वारा प्रधानमंत्री आवास पटटा वितरण, महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा पीएमएमवाई, कृषि विभाग द्वारा कृषि यंत्रों, कृषि सहायक योजना, कृषि उपज मण्डी द्वारा कृषक साथी योजना के अन्तर्गत स्वीकृत राशि, एसबीआई बैंक द्वारा फार्म पौण्ड तथा नगर पालिका मण्डल द्वारा विभिन्न सरकारी योजनाओं से आमजन को अगवत किया गया।
सभी के सहयोग से सफल रहा चेतना कार्यक्रम
अभिलाषा जेफ अध्यक्ष तालुका विधिक सेवा समिति एवं अपर सिविल न्यायाधीश एवं न्यायिक मजिस्ट्रेट देवली ने अधिकारियों, कर्मचारी, मीडिया, आमजन को कार्यक्रम की सफलता के लिए धन्यवाद ज्ञापित किया। शिविर संचालन राजकुमार कोठारी अधिवक्ता ने किया।


