Deoli News 16 फरवरी (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) क्षेत्र के गाडोली स्थित प्राचीन नीलकंठ महादेव मंदिर में महाशिवरात्रि का पर्व हर्षोल्लास और भक्तिभाव के साथ मनाया गया। इस अवसर पर आयोजित धार्मिक कार्यक्रम में सैकड़ों की संख्या में शिव भक्त मौजूद रहे।
मंदिर समिति के तत्वावधान में रविवार रात को जागरण का आयोजन किया गया, जिसमें कलाकारों ने पूरी रात भगवान शिव के भजनों की सरिता बहाई। भक्ति संगीत की धुन पर श्रद्धालु देर रात तक झूमे। कार्यक्रम को सफल बनाने में मंदिर विकास समिति के अध्यक्ष राजेंद्र कुमार मीणा, सचिव सुंदर सिंह मीणा, उपाध्यक्ष रामदयाल मीणा और कोषाध्यक्ष रामेश्वर मीणा आदि ने भूमिका निभाई। साथ ही विनोद मीणा, नंदाराम मीणा, राकेश मीणा, डीएल मीणा और हरनाथ सिंह सहित समिति के अन्य सदस्य मौजूद थे। यहां महाशिवरात्रि के अगले दिन यानी सोमवार को मंदिर परिसर में विशाल मेले का आयोजन किया जा रहा है। नीलकंठ महादेव गाडोली में प्रतिवर्ष आयोजित होने वाला यह मेला क्षेत्रीय जनजीवन की आस्था का प्रमुख केंद्र है।
इस दौरान भगवान भोलेनाथ की विशेष और मनमोहक झांकी सजाई गई है, जो श्रद्धालुओं के लिए दर्शनों का मुख्य केंद्र बनी हुई है। सुबह से ही दर्शनार्थियों का तांता लगा हुआ है और लोग कतारबद्ध होकर बाबा नीलकंठ के दर्शन कर आशीर्वाद ले रहे हैं। वहीं श्रद्धालुओं ने यहां तालाब में मछलियों को आटा डालकर पुण्य कमाया। उल्लेखनीय है कि गाडोली महादेव क्षेत्र का प्रमुख और बड़ा शिवालय है। जहां हर वर्ष भव्य रात्रि जागरण और मेले का आयोजन होता है।



