-
जयपुर से पिकनिक मनाने आया था युवकों का दल
-
परिजनों में मचा कोहराम
Desk News 10 जून (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) जिला मुख्यालय टोंक पर मंगलवार दोपहर उस समय हादसा हो गया, जब जयपुर से पिकनिक मनाने बनास नदी आए जयपुर के हसनपुरा व घाटगेट निवासी 8 युवकों की नहाते समय डूबने से मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस कप्तान एवं अतिरिक्त कलक्टर ने टोंक के तैराकों को तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना किया।
वहीं पुलिस व प्रशासन भी बचाव में जुट गया। जानकारी के अनुसार जयपुर निवासी 11 दोस्तों का एक दल टोंक आया। इसमें घाटगेट एवं हसनपुरा क्षैत्र के युवक शामिल थे, जो दो ई-रिक्शा पर सवार बनास की पुरानी पुलिया के समीप नदी पर पहुंचे एवं इनमें से 3 जने खाना बनाने में जुट गए। वहीं 8 जने नदी में नहाने लगे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार नहाने के दौरान नदी की गहराई में एक-दो युवक डूबने लगे तो उन्हे बचाने के लिए एक के बाद नहाते युवकों ने कोशिश की, लेकिन वह भी नदी में डूबते चले गए। इधर, समीप ही पिकनिक मना रहे टोंक के अन्य लोगों ने जहां डूबते युवकों की मदद करने की कोशिश की।
वहीं जिला प्रशासन एवं शहर के उनके जानकार तैराकों को भी सूचना दी। तैराकों ने डूब चुके 8 युवकों को बाहर निकाल लिया, लेकिन तब तक प्रशासन घटनास्थल पर एम्बुलेंस तक उपलब्ध नही करवा पाया। लिहाजा सांस ले रहे कुछ युवकों को आनन-फानन में वहां खड़े वाहनों से सआदत अस्पताल लाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हे मृत घोषित कर दिया। बाद में सभी डूबे युवकों को मृत घोषित कर पोस्टमार्टम किया व परिजनों को शव सौप दिए।
यह हुए हादसे के शिकार
इस दर्दनाक हादसे में कासिम (26) निवासी हसनपुरा, रिजवान (26) निवासी घाटगेट, नवाब खां (28) निवासी घाटगेट, फरहान निवासी हसनपुरा, साजिद (20) निवासी कच्ची बस्ती पानीपेंच, नवेद (30) निवासी रामगंज बाजार, बतूला खान घाटगेट शामिल है। इस हादसे में सुरक्षित बचने में शाहरूख (30), सलमान (26), समीर (32) शामिल है।
विधायक व सांसद ने ली जानकारी
पूर्व उपमुख्यमंत्री एवं टोंक विधायक सचिन पायलट ने हादसे की सूचना मिलते ही जिला प्रशासन से जानकारी ली। इसी तरह सांसद हरीशचन्द्र मीणा ने हादसें पर शोक व्यक्त किया। उन्होंने बनास नदी में 8 युवकों के डूबने से हुई मृत्यु पर शोक व्यक्त किया है। सांसद ने कहा कि ये घटना अत्यंत दु:खद है और इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति दोबारा ना हो उसके लिए जिला प्रशासन से फोन पर बात कर आवश्यक उपाय करने और प्रभावितों को राहत देने के लिए निर्देशित किया है।
साथ ही सांसद ने मुख्यमंत्री को तत्काल प्रभावित परिवारों को उचित आर्थिक सहायता प्रदान करने का भी आग्रह किया है। सूचना पर जलदाय विभाग मंत्री कन्हैयालाल चौधरी, विधायक रामसहाय वर्मा, वहीं भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष अजीतसिंह मेहता आदि अस्पताल पहुंचे।


