ओढ़ाया गया ऊनी कंबल
Deoli News 27 दिसंबर (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) क्षेत्र में बढ़ती कड़ाके की ठंड और शीतलहर के प्रभाव को देखते हुए अब जनजीवन के साथ-साथ मंदिरों व देवालयों में ठाकुर जी की सेवा पूजा में भी बदलाव आने लगा है।

स्थानीय अग्रवाल धर्मशाला में विराजमान भगवान श्री चारभुजानाथ को सर्दी से बचाने के लिए विशेष जतन किए जा रहे हैं। पुजारी अनुज के अनुसार, गिरते तापमान और ठिठुरन के कारण भगवान चारभुजानाथ को अब प्रतिदिन गर्म पोशाक धारण करवाई जा रही है। इसके साथ ही रात्रि व दिन के समय भगवान को कंबल ओढ़ाया जाने लगा है, ताकि उन्हें सर्दी से राहत मिल सके। मंदिर में भगवान के भोग और सेवा के नियमों में भी मौसम के अनुकूल परिवर्तन किए गए हैं।
जल्दी ही मंदिर में पौष बड़े का भोग भी लगेगा। इसी तरह अन्य मंदिरों, देवालयों व घरों में ठाकुरजी, लड्डू गोपाल व भगवान की प्रतिमाओं को शॉल और कंबल पहनाए जाने लगा है। उन्हें भोग भी सर्दी के अनुरूप लगाया जा रहा है।


