Deoli News 2 जुलाई (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) मौसम विभाग ने टोंक समेत करीब एक दर्जन जिलों में अगले तीन घण्टो के दौरान भारी वर्षा व तूफान की सम्भावना जताई है और लोगो को सावचेत रहने को कहा है।
मौसम विभाग की और जारी चेतावनी के अनुसार पश्चिमी राजस्थान के अलावा टोंक, केकड़ी, अजमेर, शाहपुरा, जयपुर समेत करीब एक दर्जन जिलों में अगले तीन घण्टो के दौरान भारी वर्षा के साथ करीब 30 से 50 किमी प्रति घण्टे की रफ्तार से तेज हवाएं व तूफ़ान की आशंका व्यक्त की है। चेतावनी के मद्देनजर मौसम विभाग ने लोगो से आवश्यक सावधानी बरतने को कहा है। इधर, बुधवार को देवली में झमाझम बारिश हुई। देवली शहर के छतरी चौराहे पर नहर की तरह पानी निकलता हुआ दिखा।
शहर के कई इलाकों में पानी भरा। इससे पूर्व मंगलवार रात हुई मूसलाधार बारिश से शहर की कई कॉलोनी में जल भराव हो गया। घोषी मोहल्ले में लोगों के घरों में पानी चला गया। उधर, शहर के जहाजपुर चुंगी नाका पर नाले सफाई के लिए खोदा गया गड्ढा इन दोनों परेशानी का सबब बन रहा है। यहां गड्ढे के चारों ओर लगे बैरिकेड से सड़क संकरी हो गई और दिन में कई बार जाम लग रहे हैं।



