Deoli News 24 मई (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा 25 मई को सुबह बीसलपुर बांध पर जल पूजन और अभिषेक के साथ प्रदेशव्यापी ‘वंदे गंगा जल संरक्षण जन अभियान’ की शुरुआत करेंगे। मुख्यमंत्री हेलीकॉप्टर से यहां पहुंचेंगे। इसे लेकर ककोडिया गाँव मे हेलीपैड तैयार किया गया है।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री न केवल बीसलपुर में पूजा-अर्चना करेंगे, बल्कि ईसरदा, बंध बरेठा और गलवा बांध का हवाई सर्वेक्षण कर जल संग्रहण की स्थिति का जायजा भी लेंगे। वहीं 5 जून तक चलने वाले इस 11 दिवसीय अभियान का मुख्य उद्देश्य जल संरक्षण को एक सरकारी कार्यक्रम से बदलकर एक सशक्त जन आंदोलन बनाना है, जिसके तहत परंपरागत जल स्रोतों जैसे कुएं, बावड़ी और तालाबों के पुनरुद्धार पर विशेष जोर दिया जाएगा। मुख्यमंत्री के आगमन को देखते हुए प्रशासन ने बीसलपुर में सभी तैयारियां पूर्ण कर ली हैं, जहां वे जल स्रोतों की स्वच्छता और संरक्षण का संदेश देंगे।
इसी दिन प्रदेशभर में प्रभात फेरियां, जल चौपाल और श्रमदान जैसे कार्यक्रमों के माध्यम से आमजन को इस पुनीत कार्य से जोड़ा जाएगा। अभियान के दौरान जल संसाधन विभाग द्वारा नहरों की सफाई और नए कार्यों का शिलान्यास भी किया जाएगा, वहीं राजीविका की महिलाओं द्वारा कलश यात्राएं निकालकर जागरूकता फैलाई जाएगी। विश्व पर्यावरण दिवस पर समापन के दौरान उत्कृष्ट कार्य करने वाले जल योद्धाओं को ‘जल गौरव सम्मान’ से नवाजा जाएगा।



