विभिन्न मांगों को लेकर राष्ट्रपति के नाम सौंपा ज्ञापन
Deoli News 25 मई (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) ब्लॉक व नगर कांग्रेस कमेटी देवली द्वारा सोमवार को भाजपा सरकार की नीतियों के विरुद्ध प्रदर्शन कर राष्ट्रपति के नाम उपखंड अधिकारी कार्यालय को ज्ञापन सौंपा गया।
नगर अध्यक्ष सौरभ जिंदल के नेतृत्व में कार्यकर्ता गांधी पार्क में एकत्रित हुए, जहाँ से केंद्र व राज्य सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए विरोध मार्च निकाला गया। यह जुलूस मुख्य बाजार, ममता सर्कल चौराहा और सदर बाजार से होते हुए उपखंड कार्यालय पहुँचा, जहाँ कार्यकर्ताओं ने अपनी मांगों को लेकर जमकर प्रदर्शन किया। ज्ञापन में राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा नीट 2026 प्रश्नपत्र लीक मामले की उच्च स्तरीय जाँच सुनिश्चित करने और दोषियों पर कार्रवाई की मांग की गई। साथ ही पेट्रोल-डीजल, रसोई गैस एवं खाद्य पदार्थों की बढ़ती कीमतों पर चिंता व्यक्त करते हुए राज्य सरकार से मूल्य वर्धित कर वैट कम करने का आग्रह किया गया। स्थानीय मुद्दों पर विरोध जताते हुए कांग्रेस ने बस अड्डे को शहर से कई किलोमीटर दूर स्थानांतरित करने और उप जिला चिकित्सालय को अन्यत्र भेजने के निर्णय को जनविरोधी बताया।
कार्यकर्ताओं ने चेतावनी दी कि वर्षों पुरानी कृषि उपज मंडी को उजाड़ने से हजारों व्यापारियों का रोजगार छिन गया है, जिसे तुरंत बहाल किया जाना चाहिए। साथ ही शहर में व्याप्त पेयजल संकट, अनियंत्रित बिजली कटौती और जर्जर सड़कों की मरम्मत की मांग प्रमुखता से उठाई गई। ज्ञापन में बताया कि यदि प्रशासन ने इन समस्याओं का शीघ्र समाधान नहीं किया, तो कांग्रेस कमेटी जन आंदोलन के लिए बाध्य होगी।
इस दौरान कांग्रेस नेता भीमराज जैन, पारस साहू मोंटी, विनोद पुजारी, मुकेश गर्ग, आकाश कंछल, रमेश गोयल, विनोद धर्मानी, पंकज नथैया, शम्मी रंगरेज, नरेश कुमार, राहुल बलसोरा, मोहम्मद इदरीश, बाबूलाल जैन सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद थे।


