-
पुलिस हिरासत में गिरफ्तार युवक की मौत का मामला
-
चार थानों का पुलिस जाप्ता रहा मौजूद
Deoli News 16 फरवरी (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) बाइक चोरी के मामले में जेल से प्रोडक्शन वारंट पर लाए गिरफ्तार एक आरोपी की रविवार सुबह अचानक तबीयत बिगड़कर पुलिस हिरासत में मौत हो गई। हालांकि थाना पुलिस उसे उपचार के लिए राजकीय अस्पताल लेकर पहुंची। लेकिन उमराव उर्फ रोशन पुत्र बजरंग लाल मीणा निवासी नाभो का मोहल्ला धुवां थाना घाड़ की मौत हो गई।
लेकिन अंबेडकर विचार मंच के कार्यकर्ताओं ने संदिग्ध मौत पर पांच सूत्रीय मांगों को लेकर मोर्चरी के बाहर धरना शुरू कर दिया। उच्चाधिकारियों के मांगे नही मानने तक पोस्टमार्टम से इंकार कर दिया। वही कानून व्यवस्था को लेकर क्षेत्र के दूनी, घाड़, नासिरदा थाने के पुलिस अधिकारी सुबह से यहां मौजूद है। सूचना बाद एएसपी मालपुरा मोटाराम बेनीवाल, एसडीएम मनोज कुमार मीणा, वृताधिकारी रामसिंह थाने पहुंचकर मामले की जानकारी ली। उल्लेखनीय है कि पुलिस ने शनिवार को शहर के पटेल नगर कॉलोनी से चुराई मोटरसाइकिल उमराव इसके साथी की निशानदेही पर बरामद की थी।
पुलिस अधीक्षक विकास सांगवान के अनुसार मृतक उमराव मीणा की रविवार सुबह अचानक तबीयत बिगड़ी है।पुलिस उपचार के लिए उसे राजकीय अस्पताल लेकर गई। जिसकी मौत होने पर परिजनों को सूचना देकर शव अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया गया। उमराव को चोरी मामले में शनिवार को ही टोंक जेल से प्रोडक्शन वारंट के जरिए लाया गया था, जो गत 2 फरवरी रात को पटेलनगर मकान के बाहर खड़ी मोटरसाइकिल चोरी के दर्ज मामले में शामिल था। पुलिस ने गत दिनों उमराव उर्फ रोशन मीणा एवं फिरोज उर्फ सोनू पुत्र अब्दुल हफीज देशवाली दोनों निवासी धुवां थाना घाड़ को गिरफ्तार कर दो मोटरसाइकिल बरामद की थी। वहीं 4 फरवरी को दर्ज मामले में पुलिस ने जेल से लेने के बाद शनिवार शाम को एक चोरी की मोटरसाइकिल बरामद की। थाने के हवालात में बंद के दौरान रविवार सुबह अचानक उल्टियां करने लगा। जिस पर पुलिस उमराव को राजकीय अस्पताल लेकर गई। जहां चिकित्सकों ने उपचार शुरू करने के दौरान उसकी मौत हो गई।
उधर, दोपहर से ही अंबेडकर विचार मंच देवली अध्यक्ष राजबहादुर, यादराम समेत कार्यकर्ता पांच सूत्रीय मांगों को लेकर अस्पताल मोर्चरी के बाहर धरने पर बैठ गए है। वही पर मृतक की पत्नी भी मौजूद है। मामले की गंभीरता के चलते अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मालपुरा मोटाराम बेनीवाल, वृताधिकारी रामसिंह, जहाजपुर थानाधिकारी राजकुमार नायक, दूनी थानाधिकारी हेमंत जनागल, नासिरदा थानाधिकारी शिवजीराम, दतवास थानाधिकारी कालूराम अस्पताल परिसर में मौजूद रहे।
न्यायिक जांच, पत्नी को संविदा पर नोकरी समेत मांगों पर सहमति बाद हुआ पोस्टमार्टम
पुलिस हिरासत के दौरान युवक की संदिग्ध मौत पर अंबेडकर विचार मंच ने पांच सूत्रीय मांगों को लेकर अस्पताल मोर्चरी के बाहर धरना देकर पोस्टमार्टम नही होने दिया। इस मामले में मृतक की पत्नी सीमा देवी ने रिपोर्ट दी। जिसमें मामले की न्यायिक जांच करवाने, मृतक के परिवार के एक सदस्य को नोकरी देने, आर्थिक सहायता, दोषियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने तथा न्यायिक मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में पोस्टमार्टम मेडिकल बोर्ड से वीडियोग्राफी के साथ करवाने की मांग रखी। रविवार देर शाम मौजूद अधिकारियों से वार्ता बाद सहमति बनी।

जिसमें मामले की न्यायिक जांच होगी। वहीं मृतक की पत्नी को संविदा नोकरी व नाबालिग को पालनहार का लाभ, नियमानुसार आर्थिक सहायता की अभिशंषा का प्रस्ताव भेजा जाएगा। जांच में दोषी मिलने पर कानूनी कार्रवाई किए जाने का आश्वासन दिया। वही मृतक का पोस्टमार्टम टोडारायसिंह ईसीजीएम अनुभवा सिंह की देखरेख में मेडिकल बोर्ड से वीडियोग्राफी से करवाया गया।


