Deoli News 17 फरवरी (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) शहर के तेली मोहल्ला क्षेत्र में मंगलवार सुबह उस वक्त हादसा हो गया, जब एक हरा-भरा नीम का पेड़ अचानक उखड़कर गली में गिर गया। जिससे गली का मार्ग अवरुद्ध हो गया।

गनीमत यह रही कि हादसा सुबह के समय हुआ और उस दौरान लोग अपने घरों के भीतर थे, जिसके चलते किसी भी की जनहानि नहीं हुई। जानकारी के अनुसार यह हादसा तेली समाज की धर्मशाला वाली गली में पूर्व पार्षद बुद्धि प्रकाश साहू के घर के समीप हुआ। लोगों ने बताया कि नीम का विशाल पेड़ अचानक अपनी जगह से उखड़ गया और पूरी गली को घेरते हुए नीचे आ गिरा। पेड़ गिरने की आवाज इतनी तेज थी कि धमाका सुनकर आसपास के लोग तुरंत घरों से बाहर निकल आए। यहां लगे कुछ बिजली के तार भी पेड़ की चपेट में आए हैं। स्थानीय निवासियों ने बताया कि जिस समय पेड़ गिरा, गली में कोई आवाजाही नहीं हो रही थी, अन्यथा कोई चोटिल हो सकता था।
फिलहाल इस घटना में किसी भी तरह के जान-माल के नुकसान की सूचना नहीं है, लेकिन पेड़ के गिरने से गली का रास्ता पूरी तरह अवरुद्ध हो गया है।


