नगर कांग्रेस कमेटी ने सौपा ज्ञापन
Deoli News 16 अप्रैल (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) देवली नगर पालिका के वार्डों के परिसीमन को लेकर नगर कांग्रेस पार्टी ने बुधवार को आपत्ति जताई है।
पार्टी का आरोप है कि परिसीमन में भेदभाव और राजनैतिक द्वेषता के साथ निर्वाचन चुनाव प्रणाली के नियमों और कानूनी पहलुओं की अवहेलना की गई है। इसे लेकर उच्च अधिकारियों के नाम बुधवार को उपखंड अधिकारी कार्यालय देवली एवं अधिशासी अधिकारी सुरेश कुमार मीणा को ज्ञापन दिया गया है।
ज्ञापन में बताया कि वार्डों की संख्या बढ़ाने के साथ ही प्रत्येक वार्ड में मतदाताओं की संख्या में करीब 80 प्रतिशत का अंतर देखा गया है, जो न्याय संगत नहीं है। कांग्रेस पार्टी ने आरोप लगाया है कि परिसीमन में राजनैतिक द्वेषता के तहत एक विशेष जाति को एक जगह करके वार्ड का परिसीमन किया गया है, जो जिले की साम्प्रदायिक सद्भावना के साथ खिलवाड़ है। वार्ड संख्या 17 को गलत तरीके से वार्ड संख्या 20 में मिला दिया गया है। इसके अलावा, वार्ड संख्या 31, 32, 34 और 35 की आपस में दूरी 4-5 किलोमीटर है।
जिससे मतदाताओं को समस्या का सामना करना पड़ेगा। अग्रसेन नगर को जयपुर रोड के वार्ड संख्या 33 में शामिल किया जाना चाहिए था, लेकिन इसे रिको एरिया में शामिल कर दिया गया है। इसी तरह बेतरतीब तरीके से कई वार्डो को काटा गया है। कांग्रेस पार्टी ने मांग की है कि उक्त परिसीमन को निदेशालय द्वारा जारी विधि सम्मत नियमों के तहत निरीक्षण कर पुनः दुरुस्त करवाया जाए। यदि ऐसा नहीं होता है, तो पार्टी जिला स्तर से लेकर तहसील स्तर तक धरना प्रदर्शन, आंदोलन करने के लिए मजबूर होगी।
ज्ञापन सौपने में कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष विनोद पुजारी, पालिका उपाध्यक्ष सौरभ जिंदल, पार्षद भीमराज जैन, पंकज जैन, सत्यनारायण सरसड़ी बाबूलाल बैरवा, महेंद्र बैरवा, शानू अबासी, नदकिशोर, शम्मी रंगरेज, एमएल ठागरिया, टीकम सेन, हामिद रंगरेज, राजीव जैन, रोहित चंदेल, आशीष सोनी समेत शामिल थे।



