Deoli News 16 अप्रैल (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) आमजन की समस्याएं को लेकर वार्ड पार्षद भीमराज जैन ने बुधवार को उपखंड अधिकारी देवली को ज्ञापन सौपा है। ज्ञापन में बताया कि नगरपालिका क्षेत्र की सड़कें मानसून के दौरान क्षतिग्रस्त हो गई थी।
जिनमें चर्च रोड सबसे ज्यादा प्रभावित है। इस सड़क पर 20 से अधिक छोटे-बड़े गड्ढे हो गए हैं। राज्य सरकार ने बाढ़ और अतिवृष्टि के दौरान क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत के लिए बजट आवंटित किया था, लेकिन नगरपालिका ने अभी तक इस ओर ध्यान नहीं दिया है। इसके अलावा, जनस्वास्थ्य अभियान्त्रिकी विभाग द्वारा देवली शहर में पेयजल आपूर्ति की जा रही है, लेकिन पानी बदबूदार और गंदगी से भरा हुआ है।
इससे आमजन को साफ पेयजल नहीं मिल पा रहा है और बीमारियाँ फैल रही हैं। शहर के मुख्य मार्ग गौरव पथ और जयपुर रोड पर डिवाइडरों के मध्य लगे पोलों पर रोड लाइटें बंद पड़ी हैं। इससे शहर के सौंदर्यीकरण पर नकारात्मक प्रभाव पड़ रहा है। पार्षद भीमराज जैन ने उपखंड अधिकारी से इन समस्याओं का 3 दिनों के भीतर समाधान करने का अनुरोध किया है। यदि समस्याओं का समाधान नहीं होता है, तो आंदोलन की चेतावनी दी है।



