नशे की लत के लिए करता था चोरी
Deoli News 9 नवंबर (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) स्थानीय थाना पुलिस ने हाल ही में शहर से चुराई गई एक बाइक के आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपी के पास से चोरी की गई मोटरसाइकिल भी बरामद कर ली है।
पुलिस के अनुसार गत 7 नवंबर को तेली मोहल्ला, देवली निवासी राजेश साहू पुत्र चौथमल साहू ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। रिपोर्ट में बताया था कि उनकी बाइक बस स्टैंड परिसर में भारतीय स्टूडियो के बाहर खड़ी थी, जिसे एक संदिग्ध युवक चुराकर ले गया। पुलिस द्वारा परिवादी से की गई पड़ताल में पता चला कि यह युवक टोंक निवासी है। प्रकरण की जांच करते हुए पुलिस ने तथ्यों के आधार पर कार्रवाई की और आरोपी सम्माद पुत्र अमीनुल्लाह मुसलमान निवासी गोल सादिया मस्जिद के पास, फिरदौस नगर टोंक को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपी से चुराई गई बाइक भी बरामद कर ली है। पुलिस ने बताया कि आरोपी अपनी नशे की लत और मौज मस्ती के खर्चों को पूरा करने के लिए चोरी की वारदातें करता था। आरोपी को गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीम में थाना प्रभारी दौलतराम गुर्जर के अलावा हेड कांस्टेबल रमेश, अब्दुल वहाब और हुकुमनाथ शामिल थे। पुलिस ने बताया कि आरोपी के विरुद्ध टोंक और रामगंज जयपुर के थानों में 7 प्रकरण अपराधिक दर्ज है। पहले भी आरोपी को जयपुर, कोटा, टोंक पुलिस बाइक चोरी, आर्म्स एक्ट, आबकारी अधिनियम के तहत गिरफ्तार कर चुकी है।
वही जमानत पर रिहा होने पर वह फिर से चोरी करना शुरू कर देता है। प्रकरण के अनुसार परिवादी ने जिस व्यक्ति पर चोरी का संदेह व्यक्त किया। वहीं बाइक चोर निकला।


