पशुपतिनाथ मंदिर में शिव-पार्वती विवाह महोत्सव
Deoli News 13 फरवरी (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) शहर के जयपुर रोड स्थित शिव नगर कॉलोनी में भक्ति और उत्सव का अनूठा संगम होने जा रहा है, जहाँ श्री पशुपतिनाथ महादेव मंदिर में महाशिवरात्रि महोत्सव के तहत शिव-पार्वती शुभ विवाह का दो दिवसीय आयोजन किया जाएगा।
आयोजन से जुड़े उमाशंकर वैष्णव ने बताया कि शिव मंदिर निर्माण सेवा समिति के तत्वावधान में आयोजित इस महोत्सव का आगाज शनिवार, 14 फरवरी को सुबह 8:15 बजे मंगल कलश यात्रा के साथ होगा, जिसके बाद कल्पेश्वर बालाजी रामायण पठन और दोपहर में हल्दी-मेहंदी की रस्म के साथ फाग महोत्सव की खुशियाँ बिखरेगी। शनिवार रात्रि को जागरण में भजनों की सरिता बहेगी।
वहीं रविवार सुबह 9 बजे भगवान शिव की शाही बारात निकाली जाएगी, जिसमें श्रद्धालु नाचते-गाते शामिल होंगे। आयोजन के दूसरे दिन रविवार को रामायणजी की पूर्णाहुति, महादेव का विशेष अभिषेक और चौथ माता व गणेशजी की प्रतिमाओं की स्थापना के साथ धर्म की ध्वजा फहराई जाएगी। इस आध्यात्मिक समागम का समापन रविवार शाम 5 बजे से आयोजित महाप्रसादी के साथ होगा।




