इस बार नहीं मिलेंगे नि:शुल्क पौधे
Deoli News 15 जून (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) वन विभाग रेंज देवली की ओर से आगामी मानसून सत्र के दौरान उपखंड क्षेत्र में किए जाने वाले सघन पौधारोपण के लिए डेढ़ लाख से अधिक पौधे तैयार किए गए हैं।
कार्यालय क्षेत्रीय वन अधिकारी देवली की सूचना के मुताबिक वन विभाग ने चांदली माता नर्सरी, दौलता नर्सरी व भरना नर्सरी में करीब एक लाख 52 हजार 436 पौधे तैयार किए हैं। बताया गया कि राज्य सरकार की ओर से सघन पौधारोपण अभियान चलाने के आदेश के तहत पौधे तैयार किए गए हैं। लेकिन इस बार उपखंड के सरकारी कार्यालयों व स्कूल को नि:शुल्क पौधे नहीं मिलेंगे। साथ ही पौधारोपण करना भी जरूरी होगा। नर्सरी से पौधे सरकार की निर्धारित दर पर ही वितरित किए जाएंगे। क्षेत्रीय वन अधिकारी की सूचना के अनुसार चांदली नर्सरी में 46 हजार 522 पौधे तैयार किए गए हैं। इसी तरह नर्सरी दौलता में 15 हजार 576 व नर्सरी भरना में 90 हजार 338 पौधे तैयार किए गए हैं। राज्य सरकार की निर्धारित दर पर ही पौधों का वितरण किया जाएगा। इसे लेकर ऊंचाई के अनुसार पौधों की दर भी जारी की गई।



