जनसुनवाई में छाए बिजली, पानी और चंबल परियोजना के मुद्दे
Jahazpur News 17 अप्रैल (मोहम्मद आज़ाद नेब) पंचायत समिति सभागार में आयोजित जनसुनवाई में पानी, बिजली और चंबल परियोजना से जुड़ी रही। इस दौरान जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी चन्द्रभान सिंह भाटी ने अधिकारियों को स्पष्ट शब्दों में कहा कि, “सरकार आपको मेहनताना इसलिए देती है कि आप सरकारी योजनाओं का लाभ आम जनता तक समय पर और प्रभावी ढंग से पहुंचाएं। इसमें लापरवाही नहीं होनी चाहिए।
वहीं विधायक गोपीचंद मीणा ने ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल संकट को लेकर चंबल परियोजना एवं जलदाय विभाग के अधिकारियों को फटकार लगाई। उन्होंने कहा कि “चंबल से कनेक्शन हुए 6 महीने हो चुके हैं, लेकिन अब तक लोगों को पानी नहीं मिल रहा है। यह लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।” उन्होंने सभी हैंडपंपों की मरम्मत के भी निर्देश दिए। जनसुनवाई में आए अधिकांश मामले बिजली, पानी, पंचायत परिसीमन, अवैध अतिक्रमण, पत्थरगढ़ी, ट्रांसफॉर्मर शिफ्टिंग और अन्य मूलभूत समस्याओं से जुड़े थे।
जनता ने इन मुद्दों पर तत्काल कार्रवाई की मांग की। इस अवसर पर तहसीलदार रवि कुमार मीणा, पंचायत समिति विकास अधिकारी सीताराम मीणा, नगरपालिका ईओ राघव मीणा, चिकित्सा अधिकारी डॉ. अशोक जाट, महिला एवं बाल विकास परियोजना अधिकारी कुशाल सिंह, एवीवीएनएल एईएन सुरेश मीणा व दिनेश मीणा, चंबल परियोजना एईएन जितेंद्र मीणा सहित अन्य ब्लॉक स्तरीय अधिकारी मौजूद थे।



