Monday, May 25, 2026
No menu items!
spot_imgspot_imgspot_imgspot_img
HomeAccident Newsसवा महीने बाद तालाब से निकला दो युवकों की मौत का 'राज'

सवा महीने बाद तालाब से निकला दो युवकों की मौत का ‘राज’

  • जीजा की कार लेकर निकले साले और दोस्त के मिले कंकाल

  • थाने में भी दर्ज कराई थी गुमशुदगी


Deoli News 16 फरवरी (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) बूंदी जिले के दबलाना थाना क्षेत्र से करीब सवा माह पहले लापता हुए दो युवकों का रहस्यमयी अंत सोमवार को दूनी थाना क्षेत्र के आवां स्थित रामसागर तालाब से सामने आया है।

पुलिस से मिला प्राथमिक जानकारी के अनुसार गत 8 जनवरी से लापता रेण निवासी रमेश पुत्र जगन्नाथ गुर्जर और उसके दोस्त महावीर पुत्र सेवा गुर्जर के शव तालाब में डूबी एक स्विफ्ट डिजायर कार के भीतर सड़ी-गली अवस्था में बरामद हुए। सोमवार सुबह जब तालाब में पानी कम होने पर कार का ऊपरी हिस्सा स्थानीय किसानों को दिखाई दिया, तब जाकर इस रूह कंपा देने वाले हादसे का खुलासा हुआ।

संभवत कड़ाके की ठंड और रास्ता भटकने से हुआ हादसा

मृतक रमेश अपनी दो बहनों का इकलौता भाई था और परिवार का इकलौता चिराग बुझने से गांव में शोक है। परिजनों के अनुसार, 8 जनवरी को दोनों युवक देवली के गांवड़ी गांव में एक सामाजिक कार्यक्रम में शामिल होकर वापस लौट रहे थे। रास्ते में रमेश के जीजा सीताराम के घर रुकने के बाद, उन्होंने कड़ाके की ठंड का हवाला देते हुए जीजा की कार मांगी और अगले दिन लौटने का वादा कर निकले थे। अंदेशा जताया जा रहा है कि रात के अंधेरे और कोहरे के कारण संभवतः वे रास्ता भटक गए और उनकी कार अनियंत्रित होकर गहरे तालाब में जा गिरी।

दम घुटने से थमी सांसें, सवा माह तक तलाशती रही पुलिस

कार पानी में पूरी तरह डूब गई, जिससे उसमें सवार दोनों युवकों की दम घुटने से मौत हो गई। जब दोनों युवक अगले दिन घर नहीं पहुंचे, तो दबलाना थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। पुलिस और परिजनों ने कई दिनों तक क्षेत्र में तलाशी अभियान चलाया, लेकिन उनका कोई सुराग नहीं लगा। सोमवार सुबह सूचना मिलते ही दूनी थाना प्रभारी और आवां पुलिस चौकी से जाब्ता मौके पर पहुंचा और ग्रामीणों के सहयोग से कार को बाहर निकालकर शवों को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया गया है। इस दौरान घटनास्थल पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

%d