Deoli News 5 जनवरी (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) महर्षि दयानन्द सरस्वती विश्वविद्यालय से सम्बद्ध स्नातक सेमेस्टर प्रणाली के परीक्षा परिणाम घोषित होने के बाद छात्र-छात्राओं ने पुनर्मूल्यांकन की सुविधा शुरू करने की मांग उठाई है।
इसे लेकर सोमवार को छात्रसंघ महासचिव इमरान पठान के नेतृत्व में परीक्षा नियंत्रक के नाम प्राचार्य प्रो. पीएम वर्मा को ज्ञापन सौंपा गया। ज्ञापन में बताया कि परिणाम घोषित होने के बाद कई विद्यार्थियों के अंक उनकी अपेक्षा और उत्तर लेखन के अनुरूप नहीं आए हैं, जिससे उनमें असंतोष है। वर्तमान में विश्वविद्यालय द्वारा स्नातक सेमेस्टर के विद्यार्थियों के लिए पुनर्मूल्यांकन (रीवेल्युएशन) की प्रक्रिया शुरू नहीं की गई है, जिससे छात्र अपने भविष्य और आगामी प्रतियोगी परीक्षाओं को लेकर असमंजस और मानसिक तनाव में हैं। छात्रों ने मांग की है कि छात्रहित को ध्यान में रखते हुए यह सुविधा शीघ्र प्रारम्भ की जाए, ताकि प्रभावित विद्यार्थियों को संतोष मिल सके।
ज्ञापन सौंपने के दौरान रेहान भाटी, कौशल ठागरिया, दिनेश सिंह, गिरीश मीणा, सुनील पांचाल, अंशु मीणा, मोहित गुर्जर सहित छात्र-छात्राएं मौजूद थे।


