Deoli News 24 जून (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) शहर और आसपास के इलाके में सोमवार को पूरे दिन बादल मेहरबान रहे। इस अवधि में जहां दिनभर रिमझिम बारिश का दौर जारी रहा।
वहीं रात को भी बादलों ने दिन में बाकी रही कसर जमकर निकाली और शहर को पानी से तरबतर कर दिया। बारिश इतनी तेज थी कि गलियों और कॉलोनियों में पानी का भराव हो गया, हालांकि यह पानी कुछ देर बाद निकल गया। नाले व नालियां ओवरफ्लो हो गई।
यह बारिश के आंकड़े
तहसील स्थित नियंत्रण कक्ष की सूचना के मुताबिक, 24 घंटों में 36 मिमी यानी 1.42 इंच बारिश दर्ज की गई। अब तक कुल 68 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई है। सोमवार रात हुई मूसलाधार बारिश से शहर की जनता, कॉलोनी, तेली मोहल्ला, घोसी मोहल्ला समेत कई निचले इलाकों में कुछ घंटे के लिए पानी का भराव हो गया।
करीब डेढ़ से पौने दो घंटे तक झमाझम बारिश ने शहर को भिगो दिया। तहसील परिसर में भी पानी भर गया। थाना परिसर सड़क से नीचे होने के चलते यहां भी पानी भर गया। बारिश से शहर के कई हिस्सों में परेशानी हुई, लेकिन बारिश के बाद की स्थिति सामान्य होने लगी है। ग्रामीण इलाकों में भी खेतों में पानी भर गया। बारिश की हरकत तेज होने के साथ किसान भी बुवाई में लग गए।



