Deoli News 23 सितंबर (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) उपखंड की ग्राम पंचायत धुआकला के सरपंच की ओर से की गई घोषणा के अनुरूप होनहार विद्यार्थियों एवं उत्कृष्ट सेवा करने वाले कर्मचारियों को हवाई यात्रा कराई गई। जिससे कि विद्यार्थी मोटिवेट हुए हैं। वहीं यात्रा में दल सदस्यों ने भगवान रामलला के दर्शन किए।
ग्राम विकास अधिकारी गोविंद माहेश्वरी ने बताया कि गत 15 अगस्त 2023 को ग्राम पंचायत सरपंच रंगलाल सांवरिया ने राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय धुआकला में कक्षा 10 व 12 में प्रथम तीन स्थान पर आने वाले छात्र-छात्राओं को हवाई यात्रा करने की घोषणा की थी। इसके चलते 22 सितंबर को कक्षा 10 एवं 12 के आधा दर्जन छात्र-छात्राओं एवं पंचायत क्षेत्र के निजी विद्यालय के कक्षा 10 व 12 के प्रथम स्थान पर आने वाले छात्र-छात्राओं को शामिल कर हवाई यात्राएं कराई गई। इस दौरान इन विद्यार्थियों एवं कोरोनाकाल में उत्कृष्ट काम करने वाले आयुर्वेद नर्सिंगकर्मी गोपाल मीणा, एएनएम रानी मीणा, मूलचंद कोली को भी दल में शामिल कर हवाई जहाज के माध्यम से जयपुर से अयोध्या ले जाया गया। यहां विद्यार्थियों ने हनुमानगढ़ी, श्रीराम मंदिर में दर्शन किए एवं सरयू नदी तट को निहारा। विद्यार्थियों ने हवाई यात्रा पर खुशी व्यक्त की। यात्रा के दौरान सरपंच रंगलाल, ग्राम विकास अधिकारी गोविंद माहेश्वरी भी शामिल थे।



