उनियारा में चुनावी सभा को संबोधित किया
Desk News 23 अप्रैल (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) टोंक सवाई माधोपुर बीजेपी प्रत्याशी सुखबीर सिंह जौनपुरिया के समर्थन में मंगलवार को पीएम नरेंद्र मोदी ने उनियारा में चुनावी सभा की। मोदी ने लोगों के सामने चित्रण किया कि यदि इन 10 सालों में कांग्रेस की सरकार होती तो, देश में किस तरह के हालात पैदा हो जाते।
कांग्रेस की तुष्टिकरण और जातिगत वोटो की राजनीति को लेकर जमकर करारा प्रहार किया। उन्होंने कांग्रेस की ओर से फैलाई जा रहे बीजेपी को लेकर से आरक्षण समाप्त करने के भ्रम पर पलटवार किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने तो उल्टा एसटी, एससी और आदिवासी वर्ग के आरक्षण को काटकर लोगों को भ्रमित करने की कोशिश की है, जो नाकाम साबित होगी।
कांग्रेस होती तो सेना पर पत्थर बरसते
पीएम मोदी ने कहा कि यदि पिछले 10 सालों में कांग्रेस की सरकार होती तो, देश में किस तरह के भयावह हालात होते। उन्होंने कांग्रेस हमला करते हुए कहा कि यदि कांग्रेस होती तो, जम्मू कश्मीर में आज भी हमारी सेना पर पत्थर चल रहे होते। सीमा पार से दुश्मन आकर हमारे सैनिकों के शीश काट कर ले जाते और कांग्रेस सरकार कुछ नहीं कर पाती।
देश में हर जगह सीरियल ब्लास्ट होते। उन्होंने पूर्ववर्ती गहलोत सरकार पर भी करारा हमला किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने तो, राजस्थान में भी हुए सीरियल ब्लास्ट के आरोपियों को भी बचाने का प्रयास किया है।
पूरे विपक्ष को लगी मिर्ची
उन्होंने कहा कि बांसवाड़ा में एक सभा में एक बयान क्या दिया, पूरे विपक्ष में जमकर मिर्ची लग गई। उन्होंने मनमोहन सिंह के बयान का हवाला देते हुए कहा कि मनमोहन सिंह ने अपने प्रधानमंत्री रहते हुए कहा था कि ‘इस देश की संपत्ति पर पहला हक अल्पसंख्यक समुदाय का है।’ अब जब मैंने एक चुनावी रैली के दौरान कहा कि ‘अगर पार्टी सत्ता में आई तो, देश की संपत्ति घुसपैठियों और जिनके ज्यादा बच्चे हैं, को वितरित कर देगी’। इस बयान से इंडिया गठबंधन को जमकर मिर्ची क्यों लग रही है। सभा में पीएम मोदी ने लोगों को स्वयं का राम-राम का पैगाम घर-घर तक पहुंचाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि कमल के निशान पर दिए जाने वाला वोट सीधा मोदी को मिलेगा।
जौनपुरिया को मिलेगी संजीवनी?
राजस्थान की टोंक सवाईमाधोपुर लोकसभा सीट पर रोचक मुकाबला बना हुआ है। बीजेपी की ओर से लगातार दो बार सांसद रह चुके सुखबीर सिंह जौनपुरिया को फिर से चुनाव मैदान में उतारा है। जबकि उनको टक्कर देने के लिए सचिन पायलट के करीबी देवली उनियारा के विधायक हरीश मीणा है। टोंक सवाईमाधोपुर लोकसभा सीट गुर्जर और मीणा बाहुल्य सीट है। ऐसी स्थिति में गुर्जर और मीणा के बीच में चल रहे चुनावी मुकाबले में काफी रोचक समीकरण ने बनी हुई है।
इधर, क्षेत्र में जौनपुरिया को लोगों का विरोध भी देखना पड़ा है। ऐसे पीएम मोदी की सभा के बाद क्या जौनपुरिया सियासी रूप से मजबूत होंगे? क्या पीएम मोदी की चुनावी सभा उनके लिए संजीवनी साबित होगी? चुनावी सभा में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष व पूर्व कृषि मंत्री डॉ. प्रभुलाल सैनी, मंत्री कन्हैया लाल चौधरी समेत भाजपा नेता मौजूद थे।
जौनपुरिया, जानपुरिया है
मोदी ने अपने भाषण में स्थानीय भाजपा उम्मीदवार सुखबीर सिंह जौनपुरिया को जानपुरिया के नाम से संबोधित किया। उन्होंने कहा कि जौनपुरिया पार्टी के जानपुरिया है। इस पर सुखबीर सिंह जौनपुरिया हंस पड़े।


