Deoli Newz 26 जुलाई (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) शहर में एसीजेएम और एडीजी कोर्ट खोलने सहित मांगों को लेकर अभिभाषक संघ देवली ने आगामी रविवार को देवली बंद का आव्हान किया है।
इसे लेकर अभिभाषक संघ ने व्यापार महासंघ देवली के अध्यक्ष व महामंत्री को पत्र लिखा है। इसमें बताया कि दोनों न्यायालय देवली में खोलना जरूरी है। इसे लेकर अभिभाषक संघ, टाइपराइटर, डीड राइटर व स्टांप वेंडर भी पिछले 13 दिनों से धरना, प्रदर्शन व क्रमिक अनशन पर है। लेकिन राज्य सरकार की ओर से ठोस आश्वासन नहीं दिया गया। पत्र में दोनों न्यायालय के अलावा शहर में ही गौण कृषि उपज मंडी बनाने की मांग को लेकर रविवार को मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन दिया जाएगा। इसमें विभिन्न संगठन, अभिभाषक संघ, जन प्रतिनिधि व व्यापारी शामिल होंगे।
दूनी में उपखंड कार्यालय की मांग, दूनी बंद रहा
दूनी को उपखंड बनाने की मांग को लेकर अभिभाषक संघ दूनी के आव्हान पर शुक्रवार को दूनी बंद रहा। इस दौरान कस्बावासियों तथा व्यापारिक संगठनों ने दूनी बंद का पूर्ण समर्थन किया और अपने प्रतिष्ठान बंद रखे। शुक्रवार को अभिभाषक संघ के सदस्यों ने नगर पालिका दूनी के सामने धरना प्रदर्शन किया तथा तहसीलदार दूनी को मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपकर यहां उपखण्ड कार्यालय खोलने, ट्रॉमा अस्पताल खोलने की मांग की।
ज्ञापन में चेतावनी दी कि यदि सरकार ने उक्त मांगे जल्द पूरी नही की तो आंदोलन जारी रखा जाएगा व विधानसभा उपचुनाव में मतदान का बहिष्कार करने की भी चेतावनी दी। धरना स्थल पर अभिभाषक संघ के अध्यक्ष रमेश मीना, भगवान सिंह सोलंकी, रमेश जैमन, कुलदीप शर्मा, राजेश नगर, लक्ष्मीनारायण गुर्जर समेत कई उपस्थित थे।



