रक्षाबंधन से पहले बढ़ी मिठाई की कीमत
Deoli News 24 अगस्त (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) पिछले कुछ दिनों से लगातार बढ़ रहे चीनी के भाव का असर अब आम लोगों की जेब पर साफ दिखाई देने लगा है। कुछ दिन पहले तक करीब 43 रुपए किलो बिकने वाली चीनी अचानक बढ़कर 70 रुपए किलो तक पहुंच गई।
लेकिन सोमवार को फिर से 5 चीनी में टूटे हैं। दरअसल चीनी की कीमतों में इस अप्रत्याशित तेजी से आम उपभोक्ताओं के साथ-साथ मिठाई विक्रेताओं और चाय की दुकानों का खर्च भी बढ़ गया। चीनी महंगी होने के कारण कई मिठाई दुकानों पर मिठाइयों के दाम भी 20 से 30 रुपए प्रति किलो तक बढ़ा दिए गए हैं। लेकिन कुछ दुकानदारों ने अभी मिठाई की कीमत वही रखी है। इसका सीधा असर आगामी रक्षाबंधन पर्व पर पड़ने की संभावना है। रक्षाबंधन पर बहनें भाइयों के लिए मिठाई खरीदती हैं, लेकिन इस बार उन्हें बढ़ी हुई कीमतों के कारण मिठाई खरीदने के लिए अधिक राशि खर्च करनी पड़ सकती है। हालांकि सोमवार को चीनी के भाव में कुछ राहत देखने को मिली और करीब 5 रुपए प्रति किलो की गिरावट के बाद मुख्य दुकानों पर चीनी 65 रुपए किलो के भाव से रिटेल से बिक रही हैं। जबकि थोक के भाव 61 से 62 रुपए प्रति किलो है।
इसके बावजूद कुछ ही दिनों में चीनी के भाव में आई भारी तेजी ने लोगों का घरेलू बजट प्रभावित कर दिया है। चीनी के दाम बढ़ने का असर केवल मिठाई दुकानों तक ही सीमित नहीं रहा, बल्कि चाय की थड़ियों और चाय स्टॉल संचालकों ने भी बढ़ती लागत का हवाला देते हुए एक कप चाय के दाम में 1 रुपए की बढ़ोतरी कर दी है। ऐसे में त्योहारों के मौसम से पहले चीनी की कीमतों में अचानक आई तेजी ने आम आदमी की जेब पर अतिरिक्त बोझ डाल दिया है।



