पेयजल को तरसे लोग, अब रविवार को होगी सप्लाई
Deoli News 18 मई (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) जन स्वास्थ्य अभियंत्रिक विभाग कार्यालय देवली के संबंधित कर्मचारी के लापरवाही की चलते शनिवार सुबह शहर की कुछ कॉलोनी के लोगों को जल संकट का सामना करना पड़ा। दरअसल इन कॉलोनी में प्रतिदिन की भांति होने वाली जलापूर्ति नहीं हुई।
महिलाएं रोज की तरह निश्चित समय पर पानी का इंतजार करती रह गई। जानकारी में आया कि देवली की विवेकानंद कॉलोनी, जनता कॉलोनी, घोसी मोहल्ला समेत जलदाय विभाग स्थित जल संग्रहण टंकी से जुड़े आसपास के क्षेत्र में सुबह पानी की सप्लाई नहीं हुई। इसकी वजह यह सामने आई है कि शहर में पीर बाबा के समीप लगा वाल्व खराब हो गया। लिहाजा बीती रात टंकी में पानी नहीं भर सका। बताया गया कि यह वाल्व खराब होने की वजह से एजेंसी एरिया स्थित जल संग्रहण टंकी में जमा हो गया तथा जलदाय विभाग कार्यालय स्थित पानी की टंकी खाली रह गई।
जिसकी वजह से सुबह जलापूर्ति नहीं हो सकी। इसे लेकर विभाग के कनिष्ठ अभियंता वीरेंद्र सिंह ने संबंधित कर्मचारियों को फटकार लगाई है। उन्होंने कहा कि वाल्व खराब होने का पता नहीं लगने की वजह से टंकी में पानी नहीं भर सका। इन क्षेत्रों में फिलहाल जलापूर्ति नहीं हो सकेगी। अब पूरी संभावना है कि रविवार सुबह इन क्षेत्रों में पानी की सप्लाई हो सकेगी। लेकिन विभाग के कर्मचारियों की लापरवाही की वजह से हजारों लोगों को भीषण गर्मी के बीच पानी के लिए मोहताज होना पड़ा।



