पांचवीं बार पनवाड़-चांदली मार्ग बंद, वैकल्पिक मार्ग से जाने को मजबूर ग्रामीण
Deoli News 4 सितंबर (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) पनवाड़ व आसपास के क्षेत्र में मंगलवार रात अत्यधिक बारिश होने के चलते पनवाड़ के चारों ओर नाले उफान पर आ गए। ग्रामीणों ने बताया कि बरसात के इसी सीजन में अधिक पानी आने से पनवाड़ चांदली मार्ग पांचवीं बार बंद हो गया
इससे पनवाड़ में अध्यनरत सेंदियावास, चांदली, दाता, सावतगढ़ सहित क्षेत्रों के विद्यार्थियों की पढ़ाई बाधित हुई है। वहीं अत्यधिक बारिश से गांव के चारों ओर पानी भर गया। जिससे मवेशियों को बाहर निकालने में चारा आदि डालने में भी समस्या आ रही है। ग्रामीणों ने बताया कि गांव के चारों ओर खाळ में एनीकट बने हैं और यह एनीकट अतिक्रमण की भेट चढ़े हैं। जिसे पंचायत प्रशासन नहीं हटा रही है। वहीं इसके चलते गांव टापू बन गया है। ग्रामीण अपने मवेशियों को सुरक्षित स्थानों पर ले जा रहे हैं। ग्रामीणों ने बताया कि पनवाड़ में 15 लाख रुपए की लागत से पुलिया स्वीकृत है। लेकिन अभी तक कुछ नहीं हुआ। मौजूदा पुलिया पर टू व्हीलर और फोरव्हीलर की आवाजाही बंद हैं। जिससे आवागमन में कई प्रकार की समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि पनवाड़ सागर की जो रपट है, वह दो साइड में है।
जिसमें से एक साइड की रपट को बंद कर दिया गया है और दूसरी साइड में पानी ज्यादा आने के कारण पनवाड़ गांव में चारों ओर पानी भर गया है। फिलहाल लोगों को देवली से पनवाड़, चांदली, राजकोट, सीतापुरा, बूंदी का गोठडा के लिए ग्रामीणों को दूसरे मार्ग से जाना पड़ रहा है।


