Deoli News 18 दिसंबर (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) टीकड ग्राम पंचायत की सरपंच धापू देवी सहित ग्रामीणों ने ग्राम विकास अधिकारी टीकड़ पर लंबे समय से अनुपस्थित रहने के आरोप लगाते हुए जहाजपुर विकास अधिकारी को ज्ञापन सौंपा है।
ज्ञापन में बताया कि टीकड़ ग्राम पंचायत में वीडीओ पद पर नरेंद्र कुमार मीणा कार्यरत हैं। वह लंबे समय से अनुपस्थित हैं। जिसके चलते ग्राम पंचायत के सभी कार्य रुके हुए हैं। ग्रामीणों को पंचायत के कार्यों के लिए भटकना पड़ रहा है। ज्ञापन देने में खुशीराम, सोजीराम, मुरारी लाल, सुनील कुमार, ललिता मीणा, लालाराम, यादराम समेत कई ग्रामीण थे।
विधायक गोपीचंद मीणा सदस्य मनोनीत
जनजाति क्षेत्रीय विकास विभाग की संयुक्त शासन सचिव मंजू राजपाल ने राज्यपाल की सहमति से जहाजपुर विधायक गोपीचंद मीणा को अनुसूचित जनजातियों के प्रतिनिधित्व के लिए सदस्य मनोनीत किया है। जानकारी अनुसार राज्य अनुसूचित जनजाति विकास परिषद का गठन किया गया था। राज्य सरकार द्वारा राज्य अनुसूचित जनजाति विकास परिषद में राज्य विधान मंडल में अनुसूचित जनजातियों का प्रतिनिधित्व करने के लिए राज्य सरकार द्वारा विधानसभा अवधि (कार्यकाल) के लिए विधायक जहाज़पुर कोटडी गोपीचंद मीणा सहित उदयपुर ग्रामीण विधायक फूलसिंह मीणा व गढ़ी बांसवाड़ा विधायक कैलाशचंद मीणा को सदस्य मनोनीत किया है।


