परिवादी ने दर्ज कराया मामला
Deoli News 26 अप्रैल (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) समीप के हनुमान नगर थाना क्षेत्र के कुचलवाड़ा कला निवासी एक युवक ने अपने साथ हुई मारपीट एवं कैम्पर जीप में तोड़फोड़ की घटना को लेकर देवली थाने में मामला दर्ज कराया है।
पीड़ित धनराज पुत्र मोहनलाल मोची ने रिपोर्ट में बताया कि वह अजमेर विद्युत वितरण निगम में संचालित बोलेरा कैंपर चलाता है और यह कैंपर वह प्रतिदिन मां बीजासन गौशाला परिसर में पार्किंग करता है। गत 24 अप्रैल को रात 10 बजे वह प्रतिदिन की तरह कैंपर को गौशाला में खड़ी करने जा रहा था। इस बीच उसे निर्मल मोची पुत्र राधेश्याम मोची निवासी कीर मोहल्ला देवली एवं उसके साथी तुषार तेजी, अंकित तेजी आए।
जिन्होंने पीड़ित को कैंपर से बस स्टैंड छोड़ने की बात कही। परिवादी ने बताया कि इनमें निर्मल उसके मामा का लड़का है। लिहाए उसने तीनों पर विश्वास कर लिया और उन्हें अपने साथ कैंपर में बिठाकर उन्हें यहां देवली बस स्टैंड ले आया है। जहां पहले से 8 से 10 व्यक्ति मौजूद थे। यह सभी पीड़ित की कैंपर में बैठ गए और वाल्मीकि बस्ती देवली में चलने की बात कही। ऐसा नहीं करने पर जान से मारने की धमकी दी। वहीं शराब के पैसे मांगे।
इस पर पीड़ित दबाव में आकर इन सभी लोगों को लेकर वह वाल्मीकि बस्ती पहुंचा। आरोप है कि जहां उतरने के बाद सभी युवकों ने पीड़ित को कैम्पर से उतारकर जमकर मारा पीटा। उसका मोबाइल छीन लिया। जहां से पीड़ित धनराज अपनी जान बचाकर भाग गया। लेकिन पीछे से आरोपियों ने विद्युत निगम के लिए संचालित कैंपर को लकड़ी, सरिए, पत्थरों से पूरी तरह क्षतिग्रस्त कर दिया। बाद में पीड़ित ने देवली थाने में मामले की रिपोर्ट दी। सूचना पर देवली थाना पुलिस पहुंची थी। लेकिन उक्त घटनाक्रम में कैंपर को नुकसान हुआ है।
रिपोर्ट में पीड़ित धनराज मोची ने खाना वाल्मीकि, दीपक रेगर, मुरली वाल्मीकि, शानू साहू, धर्मा वाल्मीकि के नाम दिए हैं। जबकि इसके अलावा भी अन्य लोगों के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर हेड कांस्टेबल सुरेश यादव को जांच के लिए दी है। जानकारी के मुताबिक यह विवाद पुरानी रंजिश को लेकर हुआ है।


