Deoli News 2 मई (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) राष्ट्रीय विस्थापित संघर्ष समन्वय समिति के अध्यक्ष मुकुटसिंह राणावत ने प्रधानमंत्री के नाम का पत्र उपखंड अधिकारी देवली को सौंपते हुए बीसलपुर बांध की जल भराव क्षमता को बढ़ाने का विरोध दर्ज करवाया है।
पत्र में बताया कि बीसलपुर बांध की जल भराव क्षमता को एक मीटर बढ़ाने के निर्णय से क्षेत्र के 63 गांव के लोग घर, मकान, कृषि भूमि और कुएं से बेघर हो जाएंगे। बांध का लेवल बढ़ने से पुनर्वास कॉलोनी में पानी भर जाएगा, जिसके चलते विस्थापित लोगों को पुनः पुनर्वास का दंश झेलना पड़ेगा।
इस निर्णय के विरोध में 63 गांव के विस्थापित और ग्रामीणों द्वारा महापंचायत बुलवाई जाएगी। इसके बाद अनशन या भूख हड़ताल पर बैठकर ग्रामीण न्याय की मांग करेंगे। पत्र भेजने के दौरान महावीर प्रसाद जांगिड़, रामफूल धोबी, राज बहादुर सिंह, दुर्गालाल, सीताराम सहित कई लोग शामिल थे। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांगों पर ध्यान नहीं दिया गया तो वे आंदोलन करने को मजबूर होंगे।



