Wednesday, April 22, 2026
No menu items!
spot_imgspot_imgspot_imgspot_img
HomeCrime Newsवारदात के लिए आरती का समय चुना, ताकि किसी को पता ना...

वारदात के लिए आरती का समय चुना, ताकि किसी को पता ना लगे

बावड़ी बालाजी मंदिर परिसर की वारदात, घटना से लोगों में भय

(फॉलोअप)


Deoli News 23 जून (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) शहर के मध्य बावड़ी बालाजी परिसर स्थित स्टेशनरी व्यापारी के मकान में रविवार रात हुई लूट की वारदात का समय बदमाशों ने पहले ही तय किया था। बदमाशों ने बालाजी मंदिर में आरती शुरू होने के बाद परिसर में प्रवेश किया और आरती खत्म होते ही भाग छूटे।

इस वजह से आरती के दौरान बजने वाली घंटी और झालर की आवाज से किसी को मामले का पता नहीं लगा।

जनता कॉलोनी की ओर से आए बदमाश

व्यापारी सुरेंद्र गोयल ने बताया कि उक्त तीन बदमाश जनता कॉलोनी अरिहंत प्रिंटर्स की ओर से मंदिर परिसर में घुसे और उन्होंने मकान की दीवार लांघकर भीतर प्रवेश किया तथा पहली मंजिल पर जाकर वारदात की। बदमाशों ने वारदात करने का समय आरती के वक्त चुना। जिसके चलते महिलाओं की आवाज भी बाहर नहीं आ सकी। इस दौरान रात 7 बजकर 28 मिनट पर तीनों बदमाश आते दिख रहे है और सबसे पहले भोजन बनाने वाली कमला देवी साहू को बंधक बनाया। उसके हाथ पैर रस्सी से बांध दिए।

इसी तरह बालक मितांश गोयल को भी बांध दिया। वहीं अर्पिता गोयल को दो बदमाश जबरदस्ती बांधने लगे। अर्पिता ने इसका पुरजोर विरोध किया। लेकिन फिर भी पीड़िता अर्पिता को बंधक बना लिया गया।

आरती खत्म होते ही भागने लगे

आरती खत्म होने पर व्यापारी सुरेंद्र गोयल के पिता मंदिर की ओर आने लगे तथा आरती खत्म हुई तो बदमाश भागने की तैयारी करने लगे। इस बीच अर्पिता ने अपने बचाव के लिए वहां रखा चाकू एक बदमाश के हाथ पर मार दिया। करीब 10 मिनट तक बदमाशों ने वारदात की। महिलाए चिल्लाई लेकिन मंदिर की आरती की वजह से आवाज बाहर नहीं जा सकी। जाते वक्त बदमाश अर्पिता का सोने का मंगलसूत्र और कमला देवी का सोने का मांदलिया लूट कर ले गए।

इस दौरान बदमाशों के काले दुपट्टे वहीं रह गए। वहीं चोट लगने से एक बदमाश का खून भी गिर गया। देर रात मोबाइल इन्वेस्टिगेशन यूनिट और एफएसएल की टीम ने साक्ष्य लिए। फिलहाल पुलिस संदिग्धों से पूछताछ कर रही है। इधर, सोमवार सुबह डीएसपी रामसिंह मौके पर पहुंचे पीड़िता से वारदात की जानकारी ली।

कई थानों के पुलिस अधिकारी व कर्मचारी लगाए

डीएसपी रामसिंह ने बताया कि उन्होंने देवली थाने पर अधीनस्थ अधिकारियों की मीटिंग ली। देवली, दूनी, घाड़, नासिरदा के चुनिंदा पुलिसकर्मियों व अधिकारियों को मामले का खुलासा के लिए नियुक्त किया है। उन्होंने उम्मीद जताई है कि जल्द मामले का खुलासा होगा। उधर, पुलिस रविवार देर रात से लेकर सोमवार दोपहर तक अलग-अलग इलाकों के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है। मामले में पीड़ित पक्ष ने रिपोर्ट दर्ज कराई है।

प्रीवियस न्यूज़-:

बावड़ी बालाजी परिसर स्थित घर में घुसकर बदमाशों ने की लूट

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

%d