दूसरे दिन भी विजिबिलिटी ने बढ़ाई मुश्किलें
Deoli News 4 जनवरी (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) देवली व आसपास के क्षेत्र में कड़ाके की सर्दी का सितम लगातार दूसरे दिन भी जारी रहा। शनिवार के घने कोहरे के बाद रविवार सुबह भी समूचा इलाका धुंध के आगोश में लिपटा नजर आया।

हालांकि शनिवार की तुलना में रविवार को कोहरा थोड़ा कम घना था और यह ज्यादा देर तक नहीं टिका, लेकिन सुबह के समय ठिठुरन ने लोगों को घरों में दुबकने पर मजबूर कर दिया। लगातार दो दिनों से छाई इस धुंध के कारण वातावरण में नमी और ठंडक बढ़ गई है, जिससे टंकियों का पानी अब भी बर्फीला बना हुआ है। लगातार दूसरे दिन कोहरे की उपस्थिति ने यातायात पर प्रतिकूल प्रभाव डाला है। हाईवे पर चलने वाले वाहन चालकों को आज भी धुंध के कारण अपनी गति धीमी रखनी पड़ी। लोगों को अपनी निजी कारों को छोड़कर बसों से यात्रा करनी पड़ी। शीतकालीन अवकाश का अंतिम चरण होने के कारण परिजनों में बच्चों की सेहत को लेकर चिंता बढ़ गई है। दरअसल 5 जनवरी के बाद स्कूल खुलने वाले हैं और मौसम के ये तेवर फिलहाल नरम पड़ते नहीं दिख रहे।
सुबह के समय बाजार और सार्वजनिक स्थानों पर लोग अलाव तापते और गर्म पेय पदार्थों का सहारा लेते देखे गए। मौसम विभाग की मानें तो आने वाले दिनों में सर्दी का यह दौर जारी रह सकता है, जिससे पारा और गिरने की संभावना है।


