”किन्नर समाज के हाथों आकार ले रहा है अर्धनारीश्वर मंदिर”
Deoli News 6 फरवरी (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) ”आस्था के आकाश में एक नया अध्याय जुड़ने जा रहा है। आने वाली 8 फरवरी से शुरू हो रहा ‘अर्धनारीश्वर शिव परिवार प्राण-प्रतिष्ठा महोत्सव’ न केवल धार्मिक दृष्टि से भव्य है, बल्कि यह सामाजिक समरसता की एक अनूठी मिसाल भी है।
खास बात यह है कि इस पूरे मंदिर निर्माण और महोत्सव की कमान स्वयं ‘अर्धनारीश्वर’ यानी किन्नर समाज ने संभाली है। शहर के तेजाजी कॉलोनी (कीर मोहल्ला के पीछे) क्षेत्र में आने वाली 8 फरवरी को प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव का धार्मिक अनुष्ठान होगा। महोत्सव में कई तरह के धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजन होंगे। आयोजक पायल बाई किन्नर ने बताया कि अर्धनारेश्वर शिव परिवार प्राण प्रतिष्ठा’ महोत्सव के तहत कार्यक्रम की शुरुआत 8 फरवरी सुबह 9 बजे शिव मंदिर बस स्टैंड से कलश यात्रा और मनमोहक झांकियों के साथ की जाएगी।

इसी तरह 8 फरवरी से 14 फरवरी तक प्रतिदिन दोपहर एक बजे से शिव महापुराण कथा का आयोजन होगा, जिसमें कथा वाचिका पूजा बैरागी प्रतिदिन कथा का वाचन करेगी। वहीं 14 फरवरी की रात 8 बजे से एक भजन संध्या आयोजित की जाएगी, जिसमें भजन गायक प्रेम शंकर जाट अपनी प्रस्तुतियां देंगे। महोत्सव का मुख्य आकर्षण 15 फरवरी को दोपहर 12:15 बजे होने वाली मूर्ति प्राण प्रतिष्ठा होगी, जिसके बाद शाम 4 बजे से विशाल भंडारे का आयोजन किया जाएगा।
आयोजक पायल बाई किन्नर ने बताया कि इस आठ दिवसीय धार्मिक महोत्सव के दौरान 8 फरवरी को मुरारी बापू का सानिध्य भी प्राप्त होगा। बापू कलश यात्रा में भाग लेंगे। उन्होंने बताया कि इसी मंदिर में चौथ माता, हनुमानजी और राधा कृष्ण की प्रतिमा भी होगी। सोनम बाई और निशा बाई किन्नर ने आमजन से इस कार्यक्रम में भाग लेने के बाद कही है।



