Deoli News 10 फरवरी (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) घाड़ थाना क्षेत्र के ठीकरिया कलां गांव में सोमवार देर शाम एक हादसा सामने आया, जहाँ खेत की रखवाली करने गए एक बुजुर्ग किसान की झटका मशीन के करंट की चपेट में आने से मौत हो गई।

घाड़ थाने के एएसआई जगदीश रूडवाल के अनुसार ठीकरिया कलां निवासी प्रभुलाल (65) पुत्र गोपीलाल बैरवा सोमवार शाम को अपने खेत पर फसलों की रखवाली करने के लिए निकले थे। जब वे देर रात तक घर वापस नहीं लौटे, तो चिंतित परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की। खेत पर पहुँचने पर परिजनों को प्रभु लाल मृत अवस्था में मिले, जिससे परिवार में शोक की लहर दौड़ गई।
प्राथमिक जानकारी के अनुसार, किसान ने आवारा पशुओं से फसलों की सुरक्षा के लिए खेत के चारों ओर झटके के लिए मशीन लगा रखी थी। आशंका जताई जा रही है कि मशीन में तकनीकी खराबी के कारण अचानक तेज करंट फैल गया, जिसकी चपेट में आने से बुजुर्ग किसान ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। सूचना मिलने पर घाड़ थाना पुलिस मौके पर पहुँची और शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू की।

फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जाँच कर रही है और इस बात की पड़ताल की जा रही है कि सुरक्षित मानी जाने वाली झटका मशीन में जानलेवा करंट किस वजह से फैला।


