Deoli News 11 फरवरी (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) राज्य सरकार द्वारा पेश किए गए बजट को लेकर स्थानीय राजनीति के दोनों मुख्य राजनीतिक पार्टियों से अलग-अलग प्रतिक्रियाएं सामने आई हैं। भाजपा जहाँ इसे ऐतिहासिक और सर्वस्पर्शी बता रही है।
वहीं कांग्रेस ने इसे केवल आंकड़ों का मायाजाल करार दिया है। भाजपा शहर मंडल अध्यक्ष अंकित जैन डाबर ने बजट का स्वागत करते हुए कहा कि यह राजस्थान के विकास को नई दिशा देने वाला बजट है। उन्होंने कहा कि बजट में समाज के हर वर्ग, जिसमें युवा, महिला, किसान और व्यवसायी शामिल हैं, के लिए विशेष प्रावधान किए गए हैं। विशेष रूप से देवली-उनियारा क्षेत्र के लिए की गई घोषणाओं का जिक्र करते हुए कहा कि नए पशु चिकित्सालयों की स्थापना, नहरों का विस्तार और नई सड़कों का निर्माण इस क्षेत्र की तस्वीर बदलने वाला साबित होगा। उन्होंने इसे हर वर्ग को साथ लेकर चलने वाला एक समावेशी बजट बताया।
कांग्रेस ने कागजी खानापूर्ति बताया
दूसरी ओर नगर कांग्रेस अध्यक्ष सौरभ जिंदल ने बजट को लेकर कहा कि घोषणाएं केवल कागजी हैं और इनका धरातल पर क्रियान्वयन सबसे बड़ी चुनौती है। जिंदल ने तर्क दिया कि बीसलपुर नहर के लिए 100 करोड़ की योजना और जीएसएस निर्माण के दावे तब तक बेमानी हैं, जब तक कि बजट वास्तव में आवंटित होकर काम शुरू न हो जाए।
उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार की जनहितकारी योजनाओं को ठंडे बस्ते में डालकर नई घोषणाओं से जनता को गुमराह कर रही है। पशु चिकित्सालयों के क्रमोन्नयन का तब तक कोई अर्थ नहीं है, जब तक डॉक्टरों के खाली पद नहीं भरे जाते। उन्होंने बजट में महंगाई से राहत देने के लिए किसी ठोस कदम के न होने पर निराशा व्यक्त की।



