Deoli News 16 फरवरी (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) समाज में शैक्षिक चेतना जागृत करने और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं को संबल देने के उद्देश्य से रेगर समाज नासिरदा द्वारा “मिशन लाइब्रेरी” अभियान शुरू किया गया है।
इस पहल की शुरुआत गत 30 जनवरी को शिक्षक महेंद्र कांसोटिया द्वारा सोशल मीडिया के माध्यम से समाज के सरकारी कर्मचारियों को जोड़कर की गई थी। इसमें दानदाताओं द्वारा करीब एक लाख 20 हजार रुपए की राशि की घोषणा की गई और नकद राशि भी एकत्रित हुई। रविवार को श्री बाबा रामदेव मंदिर परिसर में सेवानिवृत्त अध्यापक बंशीलाल कांसोटिया की अध्यक्षता में बैठक हुई। यहां सर्वसम्मति से प्रस्ताव पारित कर निर्णय लिया गया कि रेगर समाज की धर्मशाला के हॉल में फिलहाल 20 छात्र-छात्राओं के बैठने की क्षमता वाली एक आधुनिक लाइब्रेरी का संचालन किया जाएगा। लाइब्रेरी के सफल संचालन के लिए बुनियादी सुविधाओं पर चर्चा की गई। लाइब्रेरी के संचालन में पारदर्शिता और सेवा भाव को सर्वोपरि रखा गया है।

पंजीयन प्रक्रिया के दौरान आर्थिक रूप से कमजोर और जरूरतमंद विद्यार्थियों को प्राथमिकता दी जाएगी। प्रबंधन द्वारा लाइब्रेरी का मासिक शुल्क मात्र 200 रुपए निर्धारित किया गया है। लाइब्रेरी के फर्नीचर के लिए 20 कुर्सियों की घोषणा सेवानिवृत्त नर्सिंग अधीक्षक गोपाल लाल दबकिया द्वारा की गई है। बैठक में अखिल भारतीय रेगर महासभा (ब्लॉक देवली) के ग्रामीण अध्यक्ष महेंद्र कुमार कांसोटिया, उपाध्यक्ष राजेंद्र कुमार डडवाडिया, सेवानिवृत्त सीआई रामकरण डडवाडिया, शिक्षक कुलदीप कांसोटिया और बजरंग लाल कांसोटिया सहित ने विचार रखे।



