Deoli News 5 मार्च (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) माइक्रो विजन सोसायटी द्वारा संचालित आरआर कॉलेज ऑफ वेटरनरी एंड एनिमल साइंस, देवली ने डीन डॉ. मणिकांत चौधरी एवं निदेशिका नीलू अग्रवाल के निर्देशन में श्रीसांवरिया सेठ गौशाला में एक दिवसीय निःशुल्क पशु चिकित्सा शिविर का आयोजन किया।
शिविर के दौरान कॉलेज के 4th ईयर के विद्यार्थियों ने गोवंशों का शारीरिक एवं नैदानिक परीक्षण कर उनके स्वास्थ्य की जाँच की। विशेषज्ञों की देखरेख में घायल गोवंशों का उपचार एवं ड्रेसिंग की गई, जिससे विद्यार्थियों को फील्ड प्रैक्टिस का अनुभव प्राप्त हुआ। इस कार्य में डॉ. तानिया पवांर एवं डॉ. प्रीति पांडे के साथ स्थानीय पशुप्रेमियों ने भी सहयोग किया। इसी तरह स्थानीय देवकन्या ग्रुप ऑफ कॉलेज में समाजोपयोगी उत्पादक कार्य शिविर का शुभारंभ किया गया। प्रबंध निदेशक आर्यन मुकुल ने मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन कर कार्यक्रम की शुरुआत की। पहले दिन विभिन्न प्रतियोगिताओं में रंगोली में कल्पना मीणा, माण्डना में गायत्री कुमारी, मेहन्दी में रीना रेगर तथा पोस्टर प्रतियोगिता में किरण जांगिड़ टीम ने प्रथम स्थान प्राप्त किया।
प्रतियोगिता में वीणा शर्मा, प्रीति जैन, अनीता पारीक व नमिता सरकार ने निर्णायक की भूमिका निभाई। यहां मनोज प्रजापत, अर्चना गौतम, सोनिया शर्मा सहित स्टाफ उपस्थित रहा।


