पुलिस ने शुरू किया सर्च ऑपरेशन
Deoli News 18 मई (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) देवली में पुराने अजमेर मार्ग स्थित बनास नदी की पुलिया पर उस समय सनसनी फैल गई जब एक मां और बेटे के नदी में डूबने की आशंका जताई गई। राहगीरों द्वारा दी गई सूचना के आधार पर देवली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
देवली थाने के सहायक उप निरीक्षक सैयद जावेद ने बताया कि राहगीरों ने एक महिला और एक युवक को नदी में कूदते हुए देखने की जानकारी दी थी। मौके पर पहुंची पुलिस को पुलिया के ऊपर चप्पलें और दोनों की पासपोर्ट साइज फोटो बरामद हुए हैं। जानकारी के अनुसार संभावित रूप से डूबने वाले व्यक्तियों की पहचान टगरा कॉलोनी, देवली निवासी मनफूली पत्नी मोहनलाल नाथ और उसके पुत्र शंकर नाथ पुत्र मोहन नाथ के रूप में की गई है। पुलिस ने स्थानीय लोगों और गोताखोरों की मदद से देर शाम तक नदी में तलाश अभियान चलाया, लेकिन फिलहाल किसी की भी पुष्टि नहीं हो पाई है। अंधेरा होने के कारण सर्च ऑपरेशन में बाधा आई है।
जिसके चलते पुलिस ने मंगलवार सुबह एसडीआरएफ की टीम को बुलवाया है। मंगलवार अलसुबह से ही टीम दोबारा नदी में सघन तलाशी अभियान शुरू करेगी, जिसके बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल पुलिस परिजनों से संपर्क कर मामले की जांच कर रही है।



