एसडीआरएफ ने दूसरे दिन शुरू किया सर्च अभियान
Deoli News 15 जुलाई (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) देवली शहर के पुराने अजमेर मार्ग स्थित नेगडिया बनास नदी पुलिया से एक युवक के नदी में कूदने की आशंका के बाद बुधवार को दूसरे दिन भी तलाश अभियान जारी रहा। देवली थाना पुलिस के साथ मालपुरा से पहुंची एसडीआरएफ की टीम ने नदी में सर्च अभियान शुरू किया।
पुलिस के अनुसार मंगलवार दोपहर प्रत्यक्षदर्शियों ने एक युवक को पुलिया पर बाइक खड़ी कर संदिग्ध परिस्थितियों में देखा था। इसके बाद उसके नदी में कूदने की सूचना मिली। सूचना पर पुलिस ने स्थानीय ग्रामीणों की मदद से देर शाम तक नदी में तलाश की, लेकिन युवक का कोई पता नहीं मिलने पर अभियान रोक दिया गया। बुधवार सुबह एसडीआरएफ की टीम ने मौके पर पहुंचकर दोबारा सर्च अभियान शुरू किया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार लापता युवक के राजकीय उप जिला अस्पताल में एक्स-रे कक्ष में संविदा कर्मचारी के रूप में कार्यरत होने की आशंका जताई जा रही है। यह युवक निवाई निवासी ईशु शर्मा के रूप में होने की संभावना व्यक्त की जा रही है।
बताया जा रहा है कि वह कोटा रोड स्थित एक हॉस्टल में रहता था। घटनास्थल पर मिली बाइक उसके एक साथी की बताई जा रही है। राजकीय उप जिला अस्पताल के प्रभारी डॉ. रविराज सिंह ने बताया कि संबंधित कर्मचारी के संबंध में उन्हें भी जानकारी मिली है तथा वह बुधवार को ड्यूटी पर नहीं पहुंचा है। लेकिन अभी इसकी पुष्टि नहीं हुई है। उन्होंने बताया कि युवक सामान्यतः मिलनसार व हसमुख स्वभाव का था। घटनास्थल पर थानाधिकारी प्रीति रत्नू, सहायक उप निरीक्षक सत्यनारायण चौधरी सहित पुलिस मौजूद है।
समाचार लिखे जाने तक युवक का कोई पता नहीं चल पाया था तथा एसडीआरएफ और पुलिस का सर्च अभियान जारी है।


