Deoli News 21 अगस्त (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) अमरवासी गांव स्थित तेजाजी मंदिर से शुक्रवार को पूजा-अर्चना के बाद रवाना हुई डाक निशान यात्रा अजमेर जिले के किशनगढ़ के समीप स्थित सुरसरा धाम पहुंच गई।
करीब 55 कोस यानी करीब 166 किलोमीटर की यात्रा श्रद्धालुओं ने करीब 8 घंटे में पूरी की। यात्रा में श्रद्धालु तेजाजी के अलगोजों की धुन पर नाचते-गाते हुए शामिल हुए। गांव से रवाना होने के दौरान जेसीबी मशीनों से यात्रा पर पुष्पवर्षा की गई थी। मार्ग में कई स्थानों पर यात्रा का स्वागत कर श्रद्धालुओं के लिए जलपान एवं अल्पाहार की व्यवस्था की गई। गजेंद्र जाट ने बताया कि सुरसरा धाम पहुंचने के बाद शाम 4 बजे विधिवत तेजाजी के ध्वज चढ़ाए गए। यात्रा के धाम पहुंचने पर श्रद्धालुओं में उत्साह का माहौल रहा।
सांवरिया सेठ मंदिर देवली तक निकलेगी डाक निशान यात्रा
देवली। इसी तरह नीलकंठ महादेव मंदिर बंथली से सांवरिया सेठ मंदिर देवली तक डाक निशान यात्रा 25 अगस्त मंगलवार को निकाली आएगी। यात्रा में श्रद्धालु उत्साह के साथ शामिल होंगे। यात्रा को लेकर भक्तगण एवं ग्रामवासियों की ओर से तैयारियां की जा रही हैं। आयोजकों ने यात्रियों को पानी, भोजन, दवाइयां एवं पहचान पत्र सहित आवश्यक सामग्री साथ रखने को कहा गया है। यात्रा के दौरान अनुशासन बनाए रखते हुए प्रशासन के निर्देशों का पालन करने की अपील की गई है।



