भाजपा में टिकट के लिए मची होड़, एक वार्ड से औसत चार व्यक्ति जता रहे है टिकट की दावेदारी
Deoli News 21 अगस्त (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) आगामी नगर पालिका चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी देवली शहर मंडल की बैठक शुक्रवार शाम 4 बजे जगदीश धाम में आयोजित हुई। बैठक में भाजपा के सिंबल पर चुनाव लड़ने के इच्छुक कार्यकर्ताओं से पार्षद पद के लिए आवेदन लिए गए।
भाजपा के मीडिया प्रभारी सुमित गौतम ने बताया कि नगर पालिका चुनाव प्रभारी अनमोल सिंह तोमर की मौजूदगी में आयोजित बैठक में कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह नजर आया। देवली नगर पालिका के विभिन्न वार्डों से पार्षद पद के लिए 150 से अधिक कार्यकर्ताओं ने टिकट की दावेदारी पेश करते हुए आवेदन दिए, यानी एक वार्ड से औसत चार से अधिक कार्यकर्ता भाजपा से टिकट के इच्छुक है। चुनाव प्रभारी अनमोल सिंह तोमर ने सभी आवेदन स्वीकार किए और कार्यकर्ताओं से चुनावी तैयारियों में जुटने का आह्वान किया।
देवली मंडल अध्यक्ष अंकित जैन डाबर ने कहा कि पार्टी सभी आवेदनों पर विचार करेगी। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में सक्रिय, जिताऊ और टिकाऊ कार्यकर्ता को टिकट वितरण में प्राथमिकता दी जाएगी। बैठक में नगर पालिका अध्यक्ष नेमीचंद जैन, मंडल उपाध्यक्ष उमाशंकर खूंटेटा सहित पार्टी पदाधिकारी और बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे। उल्लेखनीय कि कांग्रेस पार्टी इस बार कार्यकर्ताओं से ऑनलाइन आवेदन ले रही है। इस दौरान सर्वाधिक आवेदन वार्ड नं 7 के लिए तथा सबसे कम आवेदन वार्ड नं 5 के लिए प्राप्त हुए।

कहीं बागियों का विरोध नहीं पड़ जाए भारी…
गौरतलब है कि इतनी संख्या में आवेदन आना पार्टी के लिए चयन प्रक्रिया को चुनौती देता है। वही वार्ड अनुसार पार्टी केवल एक व्यक्ति को ही टिकट दे सकती है। लिहाजा पार्टी के टिकट से उपेक्षित हुए कार्यकर्ता बागी भी हो सकते हैं। ऐसी स्थिति में पार्टी को अपने ही लोगों से निपटने की भी रणनीति भी पार्टी को तय करनी होगी। अमूमन हर बार देखा जाता है कि टिकट नहीं मिलने से खफा दोनों पार्टी में कार्यकर्ता बागी होकर निर्दलीय चुनाव लड़ते हैं। जिससे पार्टी के कैंडिडेट को नुकसान होना स्वाभाविक है।



