Jahazpur News 21 अगस्त (मोहम्मद आज़ाद नेब) नगर पालिका चुनाव की तैयारियों के बीच राजनीतिक दलों में टिकट को लेकर दावेदारी तेज होने लगी है। अब महिला कांग्रेस की पदाधिकारी भी टिकट वितरण में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने की मांग को लेकर मैदान में उतर आई हैं।
महिला कांग्रेस अध्यक्ष मनीषा पंचोली और राजीव गांधी बिग्रेड से जुड़ी विमला देवी सोनी ने मीडिया के समक्ष अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि जहाजपुर नगर पालिका के 25 वार्डों में से कम से कम तीन वार्डों में सक्रिय महिला कार्यकर्ताओं को कांग्रेस का टिकट दिया जाना चाहिए। मनीषा पंचोली ने कहा कि महिला कांग्रेस से जुड़ी कार्यकर्ता लंबे समय से पार्टी के लिए सक्रिय रूप से काम कर रही हैं। ऐसे में टिकट वितरण में महिला कार्यकर्ताओं को भी उनका हक मिलना चाहिए। उन्होंने बताया कि तीन सीटों पर महिला कार्यकर्ताओं की दावेदारी को लेकर पार्टी के वरिष्ठ नेताओं और पदाधिकारियों तक संदेश पहुंचाया गया है।
उन्होंने कहा कि यदि पार्टी ने महिला कार्यकर्ताओं की मांग को नजरअंदाज किया और टिकट नहीं दिया, तो महिला कांग्रेस में बगावत के स्वर उठ सकते हैं और संबंधित कार्यकर्ता निर्दलीय चुनाव मैदान में उतरने का निर्णय ले सकती हैं।


