कान्हा और राधा के रूप में सजे बच्चों ने बिखेरी कृष्ण जन्माष्टमी की छटा
Deoli News 3 सितंबर (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) शहर के जयपुर रोड स्थित आदर्श इंडियन पब्लिक स्कूल में गुरुवार को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर्व श्रद्धा व उल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने भगवान श्रीकृष्ण की बाल लीलाओं और पौराणिक प्रसंगों की मनमोहक प्रस्तुतियां दी।

कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के निदेशक मोहित अग्रवाल, सह-निदेशक रेखा मंगल एवं प्रधानाचार्या राजेंद्र कौर ने दीप प्रज्वलित कर किया। इस दौरान बच्चे राधा-कृष्ण की आकर्षक वेशभूषा में विद्यालय पहुंचे और श्रीकृष्ण जन्म की सुंदर झांकियां प्रस्तुत की। विद्यार्थियों ने भगवान विष्णु के नृसिंह अवतार, भक्त प्रह्लाद की अटूट भक्ति तथा हिरण्यकश्यप के वध का जीवंत मंचन भी किया, जिसे सभी ने खूब सराहा। समारोह का आकर्षण दही-हांडी फोड़ कार्यक्रम रहा, जिसमें शारीरिक प्रशिक्षण शिक्षक चेतन कुमार के मार्गदर्शन में विद्यार्थियों ने शानदार पिरामिड बनाकर दही-हांडी फोड़ी।

सह-निदेशक रेखा मंगल ने भगवान श्रीकृष्ण के जन्म, बाल लीलाओं एवं कुरुक्षेत्र में श्रीमद्भगवद्गीता के माध्यम से दिए गए ज्ञान पर प्रेरणादायी संबोधन दिया। उन्होंने विद्यार्थियों से श्रीकृष्ण के जीवन और गीता के संदेश से प्रेरणा लेकर सत्य, कर्म एवं धर्म के मार्ग पर चलने का आह्वान किया।


