Thursday, October 22, 2026
No menu items!
spot_imgspot_imgspot_imgspot_img
HomeDainik Bureau Deskयातायात, सफाई, रोशनी और पार्किंग व्यवस्था दुरुस्त कराने की उठाई मांग

यातायात, सफाई, रोशनी और पार्किंग व्यवस्था दुरुस्त कराने की उठाई मांग


Deoli News 22 अक्टूबर (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) त्योहारी सीजन में बाजार में शहर में बढ़ती भीड़ और खरीदारी को देखते हुए व्यापार महासंघ देवली ने गुरुवार को शहर की विभिन्न व्यवस्थाओं में सुधार की मांग की है।

महासंघ पदाधिकारियों एवं व्यापारियों ने नगर पालिका अध्यक्ष और अधिशासी अधिकारी अमरचंद गुर्जर को ज्ञापन सौंपकर जनहित से जुड़ी समस्याओं का शीघ्र समाधान कराने की मांग की। ज्ञापन में गुरुद्वारा रोड स्थित सार्वजनिक शौचालय को चालू कराने, बाजार की मरम्मत एवं रंग-रोगन, बड़े पेड़ों की छंटाई, खराब रोड लाइटों को दुरुस्त करने और टूटे बिजली के खंभों को बदलने की मांग की गई। साथ ही प्रमुख मार्गों पर रोड लाइट के तार भूमिगत कराने तथा खुले नालों को ढकवाकर सुरक्षित व्यवस्था सुनिश्चित करने पर जोर दिया। व्यापारियों ने दीपावली से पहले बाजार और डिवाइडरों की सफाई, धूल नियंत्रण के लिए मशीन से सफाई, प्रमुख स्थानों पर बैरिकेडिंग तथा बाजार में पर्याप्त रोशनी और आकर्षक सजावट कराने की मांग भी रखी। इसके अलावा बस स्टैंड स्थित प्याऊ की छत की मरम्मत, गांधी कॉम्प्लेक्स क्षेत्र में अतिक्रमण हटाकर पार्किंग व्यवस्था शुरू कराने तथा छतरी चौराहे पर सफाई व्यवस्था सुधारने की मांग की गई।

महासंघ ने बताया कि त्योहारों के दौरान बाजार में बड़ी संख्या में लोग खरीदारी के लिए पहुंचते हैं। ऐसे में यातायात, स्वच्छता, रोशनी और पार्किंग की बेहतर व्यवस्था होने से आमजन एवं व्यापारियों को राहत मिलेगी। ज्ञापन के माध्यम से नगर पालिका से त्योहारों से पूर्व आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने का आग्रह किया गया। ज्ञापन सौंपने के दौरान व्यापार महासंघ अध्यक्ष पंकज जैन सर्राफ़, मुकेश मित्तल, पार्षद भीमराज जैन, चंद्रभान गोयल, मुकेश गोयल, राजीव भारद्वाज, आशीष पंचोली, प्रमोद मंगल, बृजेश भारद्वाज, राजन नामा, सुनील एवं राकेश ओसवाल सहित अन्य व्यापारी मौजूद थे।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here