अक्टूबर महीने में हुई थी चोरी की वारदात
Deoli News 24 नवंबर (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) हनुमान नगर थाना क्षेत्र के इटुंदा बस स्टैंड के पास स्थित सोने-चांदी के आभूषणों की दो दुकानों में हुई चोरी के मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए झालावाड़ से तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
थानाधिकारी गणेश मीणा के अनुसार तकनीकी संसाधनों और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर फुटेज खंगालकर यह कार्रवाई की गई। इस कार्रवाई में कांस्टेबल लालाराम मीणा, सतीश और साइबर सेल भीलवाड़ा से राधेश्याम की विशेष भूमिका रही। पुलिस के अनुसार इटुंदा निवासी आशुतोष स्वर्णकार ने रिपोर्ट दी कि गत 28 अक्टूबर को रात्रि करीब 2:16 बजे इटुंदा के मुख्य बस स्टैंड के पास स्थित आशुतोष स्वर्णकार की दुकान का शटर तोड़कर 3-4 अज्ञात व्यक्तियों ने अंदर प्रवेश कर दुकान से करीब एक किलोग्राम चांदी के आभूषण, 500 ग्राम नया व पुराना जेवर, 5 ग्राम सोना तथा करीब 5 हजार रुपए नकद चोरी कर लिए गए। संदिग्ध व्यक्तियों के दुकान के सीसीटीवी कैमरे में नजर आने की बात भी रिपोर्ट में दर्ज की गई है।
इसी प्रकार पास स्थित पड़ोसी विशाल सोनी की दुकान का भी शटर तोड़कर अंदर प्रवेश कर करीब 300 ग्राम की 2 पायजेब की जोड़ी, करीब 500 ग्राम चांदी के बर्तन और 4 ग्राम 800 मिलीग्राम की सोने की अंगूठी चुरा ले गए। पुलिस ने एसपी भीलवाड़ा व जहाजपुर डीएसपी के निर्देशन में टीम गठित कर सीसीटीवी फुटेज व तकनीकी संसाधनों की सहायता से झालावाड़ सदर थाना क्षेत्र के राजूलाल कंजर पुत्र हरीश कंजर निवासी नादियाखेड़ी, दिनेश कंजर पुत्र कालू कंजर निवासी तितरवासा और हेमराज कंजर उर्फ दड़िया कंजर पुत्र रूपचन्द निवासी बीरीया खेड़ी को गिरफ्तार कर लिया।
वहीं चोरी में शामिल गज्जा पुत्र भोपालिया कंजर निवासी तीतरावास और संजय कंजर पुत्र रमेश कंजर, निवासी तीतरावास थाना झालावाड़ सदर, जिला झालावाड़ को तलाश रही है। पुलिस ने बताया कि प्रकरण में चुराए गए सोने-चांदी के जेवरात, नकदी रुपए तथा घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल एवं स्कूटी को झालावाड़ पहुंचकर बरामद किए जाने और आगे अनुसंधान व पुलिस रिमांड संबंधी कार्रवाई की प्रक्रिया जारी है।
संबंधित पिछली न्यूज़:-
बस स्टैंड पर दो सर्राफा दुकानों के शटर तोड़कर नकदी व सोने-चांदी के जेवरात पार



