मुनिद्वय से हुआ वात्सल्य मिलन, शहर में जगह-जगह पाद प्रक्षालन कर श्रद्धालुओं ने जताई श्रद्धा
Deoli News 25 नवंबर (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) राष्ट्रसंत आचार्य 108 पुलक सागर महाराज का बुधवार को देवली में भव्य मंगल प्रवेश हुआ। आचार्य के आगमन पर देवली सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से हजारों श्रद्धालु उमड़े। जयकारों और भक्तिमय माहौल के बीच शहर धर्ममय हो उठा।
आचार्य संघ के जहाजपुर चुंगी नाके से शहर में प्रवेश करते ही श्रद्धालुओं ने जयकारों के साथ स्वागत किया। इस दौरान मुनि वैराग्य सागर महाराज एवं मुनि सुप्रभ सागर महाराज का आचार्य से भावपूर्ण वात्सल्य मिलन हुआ। शोभायात्रा मार्ग में जगह-जगह श्रद्धालुओं ने पाद प्रक्षालन कर श्रद्धा व्यक्त की। आचार्य संघ शहर के विभिन्न जिनालयों के दर्शन करते हुए पटेल नगर स्थित श्री पार्श्वनाथ दिगंबर जैन मंदिर पहुंचा, जहां धर्मसभा आयोजित हुई। प्रवचन के बाद सौभाग्यशाली श्रावकों ने नवधा भक्ति के साथ आचार्य संघ की आहारचर्या संपन्न कराई।
संध्या 6.30 बजे आचार्य संघ के सान्निध्य में आनंद यात्रा का आयोजन हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया। आयोजन के बाद दीप प्रज्वलन कर आचार्य संघ की महाआरती की गई। श्रद्धालुओं ने आचार्य संघ की वैय्यावृत्ति कर पुण्य अर्जित किया।
सास-बहू के प्रसंग से समझाया जीवन का सार, आचार्य पुलक सागर बोले- पहले स्वयं को बदलें

राष्ट्रसंत आचार्य पुलक सागर महाराज ने प्रवचन के दौरान आत्म परिवर्तन का संदेश देते हुए कहा कि व्यक्ति दूसरों को बदलने की अपेक्षा स्वयं में बदलाव लाए, तभी परिवार और समाज में सकारात्मक परिवर्तन संभव है। सास-बहू के प्रसंग का उल्लेख करते हुए आचार्य ने कहा कि घरों में पत्नी सोचती है कि पति बदल जाए, पति सोचता है कि पत्नी बदल जाए, पिता बेटे को और बेटा पिता को बदलना चाहता है।
इसी तरह सास बहू को और बहू सास को बदलने की अपेक्षा रखती है, लेकिन दुनिया में कोई किसी को नहीं बदल सकता। उन्होंने कहा कि भगवान महावीर भी दुनिया को नहीं बदल पाए, तो हमारी क्या सामर्थ्य है। जब तक व्यक्ति स्वयं अपने आप को बदलने के लिए तैयार नहीं होता, तब तक कोई ताकत उसके जीवन को नहीं बदल सकती। लिहाजा सास और बहू एक-दूसरे को बदलने की अपेक्षा छोड़कर स्वयं में परिवर्तन लाएं। व्यक्ति खुद बदलना शुरू कर दे तो दुनिया अपने आप बदलने लगती है।



