Deoli News 26 नवंबर (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) पंचायत समिति देवली में प्रधान और उपप्रधान के निर्वाचन को लेकर प्रशासनिक स्तर पर सभी तैयारियां जारी हैं। रिटर्निंग अधिकारी (एसडीएम) पंचायत समिति देवली की ओर से जारी बैठक नोटिस के अनुसार, प्रधान पद के लिए चुनाव शुक्रवार 27 नवंबर को और उपप्रधान पद के लिए चुनाव शनिवार 28 नवंबर को पंचायत समिति देवली के सभागार में आयोजित किया जाएगा।
निर्वाचन कार्यक्रम के अनुसार, दोनों ही दिन सुबह 10 बजे बैठक की शुरूआत होगी। इसके बाद सुबह 11 बजे तक नाम निर्देशन पत्रों का प्रस्तुतीकरण किया जाएगा और 11:30 बजे से नामांकन पत्रों की संवीक्षा होगी। दोपहर एक बजे तक अभ्यर्थिता वापसी की जा सकेगी, जिसके तुरंत बाद चुनाव प्रतीकों का आवंटन और चुनाव लड़ने वाले अभ्यर्थियों की अंतिम सूची तैयार कर चस्पा की जाएगी। यदि आवश्यक हुआ तो अपरान्ह 3 बजे से शाम 5 बजे के मध्य मतदान करवाया जाएगा और मतदान समाप्ति के तुरंत बाद मतगणना कर परिणाम की घोषणा कर दी जाएगी। सियासी समीकरणों की बात करें तो इस बार देवली पंचायत समिति की 25 सीटों में से 15 सीटों पर जीत दर्ज कर कांग्रेस ने स्पष्ट बहुमत हासिल किया है, जिससे पंचायत समिति में कांग्रेस का प्रधान बनना तय माना जा रहा है।
राजनीतिक सूत्रों के अनुसार कांग्रेस आलाकमान पूर्व प्रधान एवं वर्तमान ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष महादेव मीणा के नाम पर प्रधान पद का नामांकन भरने की मोटे तौर पर सहमति बना सकता है। महादेव को पार्टी के वर्तमान अध्यक्ष होने और युवा, राजनीतिक पकड़ होने का मौका मिल सकता है। हालांकि पार्टी की ओर से अभी तक इस नाम को लेकर कांग्रेस पार्टी की ओर से कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। यह पार्टी से मिले इनपुट का एक पूर्व अनुमान है। जबकि पूर्व ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष रतनलाल हाडा का नाम भी प्रधान के लिए काफी चर्चा में है। फिर भी अंतिम निर्णय सांसद हरिश्चंद्र मीणा का होगा। इसी प्रकार क्षेत्र से उप जिला प्रमुख प्रत्याशी के रूप में डीआर आसाराम का नाम भी प्रमुखता से चल रहा है। इस नाम की भी फिलहाल आधिकारिक पुष्टि नहीं है।



