ध्यान देने की है जरूरत, आम जरूरते होती खत्म
(पब्लिक इश्यू)
Deoli News 19 मई (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) शहर के प्रमुख पार्क अटल उद्यान (दशहरा मैदान) की स्थिति इनदिनों अत्यंत दयनीय है। आमजन को मिलने वाली सुविधाएं लगातार ख़त्म होती जा रही है। वहीं पार्क का सौंदर्य भी नष्ट हो रहा है। लेकिन पार्क की जिम्मेदारी निभाने वाले कर्मचारियों का इस ओर ध्यान नहीं है या फिर वे अनदेखी कर रहे हैं।
दरअसल यहां पार्क के सेल्फी पॉइंट टूटे हुए हैं। ग्राउंड की लाइट्स खराब और फ्यूज हैं, और घास सूखी हुई है। लिहाजा गर्मी के मद्देनजर नगर पालिका प्रशासन को शहर के प्रमुख अटल उद्यान के अलावा अन्य पार्कों की भी देखरेख करने की बेहद जरूरत है नहीं तो उनकी स्थिति भी खराब हो जाएगी।
लाखों रुपए के म्यूजिकल फाउंटेन व करोड़ों की टॉय ट्रेन बेकार
लोगों ने बताया कि यहां लाखों रुपए की लागत का म्यूजिकल फाउंटेन बंद पड़ा है। यह फाउंटेन लोगों के मनोरंजन के लिए लगाया गया था। लेकिन कुछ दिन चलने के बाद यह रीता पड़ा है। यहां तक की फाउंटेन पौंड में पानी भी नहीं है। वहीं कई फ़ीट ऊंचाई पर लगा राष्ट्रीय ध्वज भी नहीं है। जबकि करोड़ों रुपए की लागत से लगाई गई बच्चों के लिए चलने वाली टॉय ट्रेन भी खराब है, और ओपन जिम के उपकरण टूटे हुए या गायब हैं।
वॉशरूम की स्थिति और भी खराब है, जहां न तो रोशनी की व्यवस्था है और न ही पानी की। इसके अलावा अटल उद्यान के वाकिंग ट्रेक की टाइल्स भी कई जगह से उखड़ी है। सुबह जल्दी और रात के वक्त घूमने वाले लोगों के उक्त उखड़ी टाइलों से ठोकर लग रही। यदि इन टाइल्स को रिपेयर नहीं किया गया तो उनके आसपास लगी अन्य टाइल भी धीरे-धीरे उखड़ जाएगी जिससे नुकसान होगा। इसके अलावा पार्क में लगे पौधे भी सूख रहे हैं, जिन्हें पानी की जरूरत है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि नगर पालिका की अनदेखी के कारण पार्क की स्थिति बदतर होती जा रही है। लोगों ने नगर पालिका से मांग की है कि पार्क की स्थिति सुधारने के लिए तत्काल कदम उठाए जाएं।


