Jahazpur News 5 सितम्बर (आज़ाद नेब) इन्टर डिस्कॉम संयुक्त संघर्ष समिति ने विद्युत निगम में कार्यरत कर्मचारियों व अधिकारियों की इन्टर डिस्कॉम स्थानान्तरण नीति बनाने मांग को लेकर उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी को ज्ञापन सौपा है।
ज्ञापन में बताया कि 19 जुलाई 2000 में राजस्थान राज्य विद्युत मण्डल का विघटन कर 5 निगमों में 20 वर्ष के अनुबन्ध के आधार पर बांटा गया था। जिसकी समय अवधि पूरी हो चुकी है। लेकिन आज तक निगमों को उसी अनुबन्ध के आधार पर चलाया जा रहा है। इन वर्षों में एक बार भी विद्युत कर्मचारियों एवं अधिकारियों का एक डिस्कॉम से दूसरे डिस्कॉम में स्थानान्तरण नहीं हुआ है। एक डिस्कॉम से दूसरे डिस्कॉम में स्थानान्तरण नीति बनाई जाएं, जिससे कि विद्युत कर्मचारी व अधिकारी पारिवारिक जिम्मेदारियों के साथ तनाव मुक्त रहकर बेहतरीन निगम सेवाए दे सकें।
इसी तरह राजस्थान नर्सेज एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष महेंद्र मीणा ने उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में सीएचसी को क्रमोन्नत कर उपजिला चिकित्सालय के लिए नवीन भवन का निर्माण कराने, नर्सेज के नवीन पद सृजित करवाने, शाहपुरा व जहाजपुर में विशिष्ठ चिकित्सकों के रिक्त पद भरने, सीएचसी परिसर में जरजर्ननर्सेज के आवास के निर्माण स्वीकृति कराने, नया ट्रॉमा सेंटर बनवाने की मांग की गई। इस दौरान ब्लॉक चिकित्सा अधिकारी अशोक जाट, सीएससी प्रभारी डॉ. नईम अख्तर, डॉ. गिरिराज गोयल, नर्सिंग ऑफिसर रविंद्र मीणा, चेतन गुर्जर, रमेश मीणा, सुनील सालवी, सुरेश सैनी, सुमित टेलर सहित अन्य नर्सिंगकर्मी मौजूद थे।



