व्यवस्थाओं पर प्रतिनिधिमंडल ने रखे सुझाव
Deoli News 14 जुलाई (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) स्थानीय राजकीय उप जिला अस्पताल में आईसीयू, ब्लड बैंक, सोनोग्राफी विशेषज्ञ, पेयजल एवं सफाई व्यवस्था सहित विभिन्न मूलभूत सुविधाओं के अभाव को लेकर मंगलवार को शहर के जन सेवा प्रतिनिधिमंडल ने चिकित्सा प्रभारी डॉ. रविराज सिंह से मुलाकात की।
इस दौरान अस्पताल की व्यवस्थाओं एवं समस्याओं पर चर्चा कर उनके समाधान के लिए विचार-विमर्श किया गया। प्रतिनिधिमंडल ने अस्पताल में आईसीयू की अनुपलब्धता, विशेषज्ञ चिकित्सकों की कमी, ब्लड बैंक शुरू नहीं होने, सोनोग्राफी के लिए अधिकृत चिकित्सक के अभाव, पेयजल समस्या तथा सफाई व्यवस्था में सुधार की आवश्यकता जैसे मुद्दे उठाए। प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि उप जिला अस्पताल का दर्जा मिलने के दो वर्ष बाद भी कई आवश्यक सुविधाएं शुरू नहीं हो सकी हैं, जिससे मरीजों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। चिकित्सा प्रभारी डॉ. रविराज सिंह ने बताया कि मुख्यमंत्री निःशुल्क जांच योजना के तहत अस्पताल में 117 प्रकार की जांचों की सुविधा उपलब्ध है तथा कुछ जांचें वाउचर के माध्यम से कराई जाती हैं। उन्होंने कहा कि ब्लड बैंक संचालन के लिए आवश्यक संसाधन उपलब्ध नहीं हैं।
अस्पताल में सोनोग्राफी मशीन तो है, लेकिन अधिकृत चिकित्सक के अभाव में सेवा शुरू नहीं हो पा रही है। उन्होंने बताया कि पेयजल समस्या के समाधान के प्रयास किए जा रहे हैं तथा सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए नगर पालिका के सहयोग की आवश्यकता है। आईसीयू की सुविधा नहीं होने से गंभीर एवं दुर्घटना पीड़ित मरीजों को प्राथमिक उपचार के बाद रेफर करना पड़ता है। बैठक के दौरान चिकित्सा प्रभारी ने प्रतिनिधिमंडल से अस्पताल की सुविधाओं के विस्तार में सहयोग की अपील की, जिस पर प्रतिनिधिमंडल ने भी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए सरकार के समक्ष मामला उठाने और सहयोग का भरोसा दिलाया।



